दो संदिग्धों से पूछताछ..शराब के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद में हत्या का अंदेशा..
सागर. छतरपुर हाईवे पर बण्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पथराव कर शराब कारोबारी की हत्या के खुलासे के नजदीक पुलिस पहुंच गई है। पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में लिया है जिनसे वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे शराब के कारोबार के संबंध में पुराने लेन-देन के चलते विवाद सामने आया है। वहीं हमले के समय कार में मौजूद चालक पर भी पुलिस शंका जता रही है। बता दें कि मंगलवार देर रात बण्डा से वापस छतरपुर लौटते समय शाहगढ़ के शराब ठेकेदार रविराजा परिहार की कार पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया था। इस हमले में रविराजा जख्मी हो गया था जिसे उसका चालक रवि यादव बण्डा अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसे रात में बीएमसी में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था।
हत्या के खुलासे के नजदीक पुलिस
मंगलवार रात को हुई इस घटना के बाद बुधवार को शराब ठेकेदार के परिजन द्वारा शराब के कारोबार को लेकर बण्डा में पिछले दिनों हुए विवाद और मंगलवार रात हमले में इन्हीं लोगों के शामिल होने की शंका जताने पर पुलिस द्वारा पड़ताल शुरू की गई थी। बताया जाता है कि पुलिस के हाथ अहम सुराग लगने पर दो लोगों को पकड़ा गया है। पूछताछ में दोनों ने मंगलवार रात आपसी लेन-देन के विवाद के चलते पथराव करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस कार से पीछा करने, 20 किमी दूर पथराव में कार क्षतिग्रस्त होने और फिर उसके मौके से दूसरी जगह पहुंचाने सहित अन्य कड़ियां जोड़ रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस जल्द ही इस हत्या के मामले का खुलासा कर सकती है।
साथी के जख्मी होने पर भी संदेह
पुलिस एक तरफ जहां संदिग्धों से पूछताछ करने में जुटी हुई है वहीं दूसरी तरफ पथराव में घायल हुए शराब ठेकेदार के साथ कार में मौजूद उसके साथी रवि यादव के जख्मी होने को लेकर भी पुलिस को संदेह है। पुलिस मामले में रवि की भूमिका भी संदिग्ध मानकर चल रही है और उसकी भी जांच कर रही है।