
system disrupted due to strike, Power cut in more than 100 villages
सागर. बिजली संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की चार दिन से जारी हड़ताल ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। शहर और अंचल में दर्जन भर सब स्टेशन और इतने ही फीडर पर तकनीकी खराबी से पिछले तीन दिनों में 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ता प्रभावित रहे हैं। सागर शहर में 700 से ज्यादा शिकायतें कंपनी कार्यालय पहुंची हैं।1600 कर्मियों के हड़ताल पर जाने व नियमित स्टाफ न होने से कहीं 4 से 7 घंटे तो कुछ गांवों में तीन दिनों से बिजली गुल है। शाहगढ़- दलपतपुर क्षेत्र के 6 गांवों में तीन दिन से बिजली गुल रहने से गुस्साए किसानों द्वारा चक्काजाम किया गया। उधर हड़ताल में शामिल कर्मियों को बिजली कंपनी द्वारा वापस नहीं लौटने पर सेवा से बाहर करने की चेतावनी भरे संदेश मोबाइल फोन पर भेजना शुरू कर दिया गया है।
मंगलवार को आंदोलनरत बिजलीकर्मियों की हड़ताल को कांग्रेस के बण्डा विधायक तरवर सिंह लोधी ने समर्थन दिया है। वहीं शिवसेना व आप के प्रतिनिधियों ने भी आउटसोर्स व संविदा बिजलीकर्मियों की मांगों का समर्थन किया है। उधर अधिवक्ता संघ, यूनाइटेड फोरम इंटक, तकनीकी कर्मचारी संगठन व विद्युत ठेकेदार संघ भी आंदोलन में शामिल बिजलीकर्मियों के समर्थन में आगे आए हैं। कांग्रेस विधायक ने सीएम से पत्राचार करने का आश्वासन दिया तो आप पदाधिकारी डॉ.धर्णेन्द्र जैन, अधिवक्ता संघ द्वारा अपना समर्थन पत्र सौंपा गया। बिजलीकर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद कंपनी के दबाव के चलते आउटसोर्स कंपनी प्रबंधन ने नए कर्मचारी तैनात करना शुरू कर दिया है। नई भर्ती के साथ ही पूर्व से कार्यरत आउटसोर्सकर्मियों को काम पर नहीं लौटने पर सेवा से निकालने की चेतावनी भरे संदेश मोबाइल फोन पर भेजे जा रहे हैं। इसको लेकर भी बिजलीकर्मियों में सरकार व बिजली कंपनी के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
-हड़ताल से 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ता प्रभावित, किसानों ने किया चक्काजाम:-बिजलीकर्मियों की कामबंद हड़ताल का जिलेभर में बड़ा असर नजर आने लगा है। तीन दिनों से बिजली गुल होने से शाहगढ़- दलपतपुर अंचल के छह गांवों के किसान भड़क गए। फसलों में सिंचाई न कर पाने से नाराज किसानों ने सड़क पर चक्काजाम कर तहसीलदार को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा है। गत दिवस खुरई क्षेत्र में फीडर में खराबी आने से कई हिस्से अंधेरे में डूबे रहे। बांदरी और मेहर में फीडर 72 घंटे बंद रहा है। खुरई में नेहर सब स्टेशन और एग्रीकल्चर फीडर रात 10 बजे बंद होने से किसान बिजली लौटने और सिंचाई के लिए रातभर इंतजार करते रहे। मालखेड़ी फीडर में खराबी आने से 2600 से अधिक ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी। बरोदिया क्षेत्र में 33 केवी लाइन में फॉल्ट के चलते अंचल के 30 से ज्यादा गांव प्रभावित हुए हैं। केसली सबस्टेशन से घरेलू सप्लाई 12 घंटे तक तार टूटा पड़ा रहने से ठप रही। वहीं रहली में गढ़ाकोटा, रेजा, अनंतपुर में भी फीडर बंद होने से उपभोक्ताओं को मुश्किल उठानी पड़ी।
वहीं ढाना- रामपुरा फीडर 4 घंटे, छिरारी फीडर 3 घंटे, जैसीनगर में ट्रांसफार्मर खराब होने से दो दिन, भापेल, कनेरा, बांसा में सब स्टेशन से आपूर्ति ठप होने से 35 गांव के लोग परेशान रहे। सागर के सदर- भैंसा फीडर 3 घंटे, पटकुई- बरारू फीडर 4 घंटे, मकरोनिया में दीनदयालनगर फीडर भी कई घंटे बंद रहा।
Published on:
25 Jan 2023 12:00 am
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
