13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अध्यक्ष ने कहा हैंडपंप खराब हो तो कहां शिकायत करें किसी को पता नहीं रहता, जनपद में पीएचई विभाग के एक कर्मचारी की लगाएं ड्यूटी

बीना. जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन गुरुवार को जनपद पंचायत के सभाकक्ष में जनपद अध्यक्ष ऊषा राय की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान एजेंडा में शामिल प्रस्तावों पर चर्चा के साथ-साथ गर्मी में जल संकट से निपटने के लिए भी पीएचइ विभाग के अधिकारियों से चर्चा हुई। इस दौरान जनपद […]

3 min read
Google source verification
General meeting was held in the District Panchayat

जनपद पंचायत में आयोजित बैठक में चर्चा करते हुए

बीना. जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन गुरुवार को जनपद पंचायत के सभाकक्ष में जनपद अध्यक्ष ऊषा राय की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान एजेंडा में शामिल प्रस्तावों पर चर्चा के साथ-साथ गर्मी में जल संकट से निपटने के लिए भी पीएचइ विभाग के अधिकारियों से चर्चा हुई। इस दौरान जनपद सदस्य सुखवती कुर्मी के पति सुनील कुर्मी सभाकक्ष में बैठे रहे, लेकिन जनपद पंचायत सीइओ ने उन्हें वहां से हटाने की जहमत नहीं उठाई। जबकि अधिकारियों को सख्त आदेश हैं कि महिला जनप्रतिनिधि के पति बैठक में शामिल नहीं होंगे।
बैठक की शुरुआत पीएचइ विभाग से हुई और नल जल योजनाएं कितनी चालू हैं इसकी जानकारी ली गई। जनपद अध्यक्ष ने उपयंत्री से कहा कि हैंडपंपों का सुधार कैसे होगा और कहा शिकायत की जाएगी इसकी जानकारी पंचायतों में नहीं है। साथ ही जनपद पंचायत में पीएचइ विभाग का एक कर्मचारी बैठाने की भी बात कही। उपयंत्री ने बताया कि ठेकेदार द्वारा हैंडपंपों का सुधार कार्य कराया जाएगा। जनपद अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि जिन हैंडपंपों में पाइप कम हैं वहां पर्याप्त पाइप डाले जाएं और एक दिन में हैंडपंप का सुधार हो। जनपद सदस्य पीपी नायक ने कहा कि जो ट्यबवेल स्वीकृत हुए हैं, वह सही जगह कराए जाएं। साथ ही बाहरी इटावा क्षेत्र में टंकी बन चुकी है उसे चालू कराया जाए, वह टंकी अभी तक पंचायत के हैंडओवर नहीं हुई है। साथ ही पाइप लाइन डालने खोदी गई सडक़ों की मरम्मत कराई जाए। जल निगम के उपयंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्य की प्रगति बताई। साथ ही इस वर्ष गर्मी में इस योजना के तहत पानी नहीं मिलेगा। क्योंकि काम अभी अधूरा है। उपाध्यक्ष अमरप्रताप सिंह ने डेम की जानकारी ली, तो उपयंत्री ने बताया कि अभी डेम नहीं बना है। योजना के तहत 43 टंकियों का निर्माण होना है, लेकिन जौध में जगह न मिलने से संपवेल बनाकर पानी की सप्लाई की जाएगी। 128 गांव में योजना के तहत कार्य चल रहा है। उपाध्यक्ष ने कहा कि देहरी-सेमरखेड़ी रोड का निर्माण होना है और यहां रोड के बाजू से लाइन डाली गई, जिसकी गहराई भी कम है, जो रोड निर्माण में हटा दी जाएगी, इसलिए इसे व्यवस्थित कराया जाए। साथ ही सडक़ों की मरम्मत घटिया तरीके से की जा रही है, जिसे गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराएं। बैठक में जनपद सदस्य लक्ष्मी कुशवाहा, संगीता ठाकुर, प्रीति लोधी, शिवकुमार चढ़ार, चंदन आदिवासी, प्रकाश लोधी, कल्याण ङ्क्षसह, बिहारी अहिरवार, जनपद पंचायत सीइओ प्रदीप पाल आदि उपस्थित थे।

अनुदान पर मिलेगा ग्रीष्म कालीन उड़द का बीज
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय ने बताया कि ग्रीष्म कालीन मूंग में पानी और कीटनाशक दवाओं का ज्यादा उपयोग होता और इसकी जगह इस वर्ष उड़द का बीज अनुदान पर किसानों को दिया जा रहा है। अभी 20 क्विंटल उड़द आइपीयू 13-1 आया है। यह बीज अनुदान काटकर किसानों को 5820 रुपए क्विंटल मिलेगा। एक एकड़ में आठ किलो बीज लगेगा और यह 60 दिन की फसल है, जिसमें तीन पानी देने होंगे। साथ ही समर्थन मूल्य में उड़द 7800 रुपए क्विंटल और 600 रुपए बोनस के साथ खरीदा जाएगा। किसान गर्मी में स्प्रिंकलर से सिंचाई करें, जिससे कम लागत में अच्छा उत्पादन होगा।

किराया कम होने से नहीं मिल रहे भवन
महिला बाल विकास से आईं कर्मचारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह यह स्थिति बन रही है कि आंगनबाड़ी भवन के साथ-साथ कोई अन्य शासकीय भवन नहीं है और कम किराया होने पर किराए पर भवन नहीं मिल रहा है। भवन न होने से आंगनबाड़ी के संचालन में परेशानी हो रही है। सीइओ ने अधूरे भवनों की जानकारी मांगी है। जनपद अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्र में ताले नहीं खुल रहे हैं, उनपर कार्रवाई की जाए। बिहरना का भवन जर्जर है उसकी मरम्मत कराई जाए।

राशि निकली नहीं हुआ काम
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद उपाध्यक्ष ने कहा कि कई जगहों पर शौचालय, अतिरिक्त कक्ष के कार्य अधूरे हैं और राशि निकाल ली गई है। इसकी जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना विभाग के अधिकारियों से कितने संकेतक बोर्ड लगाए हैं, इसकी जानकारी मांगी गई है। साथ ही बिजली कंपनी के फीडर सेपरेशन के कार्य में खंभे सडक़ की पटरी से नीचे मजबूती के साथ लगाने के लिए कहा गया।