
- सिल्ट के उपयोग, जैविक खेती, उच्च मूल्य वाली फसलों सहित जल संरक्षण के लिए कलेक्टर ने किया प्रेरित
- जिले के किसानों को आधुनिक एवं नवीनतम कृषि तकनीकों के अवलोकन के लिए 5 दिवसीय भ्रमण पर भेजा
सागर. कलेक्टर संदीप जीआर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने जिले के किसानों के दल को उन्नत कृषि के गुण सीखने के लिए रवाना किया। कलेक्टर ने किसानों के दल को रवाना करने से पहले उनसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्हें सिल्ट के उपयोग की सलाह दी और बताया कि इसके उपयोग से खेत की उपजाऊ क्षमता में तीन गुना तक वृद्धि होती है। इसके साथ ही उन्होंने जैविक खेती की भी सलाह दी, साथ ही बाजार में अच्छी कीमत देने वाली उच्च मूल्य की फसलों और क्रॉप वेरिएशन लाने, नई फसलों की खेती करने जैसे ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, एवोकाडो आदि उगाने और उन्हें मार्केट से लिंक करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही हम सभी जल संरक्षण के कार्यों से भी जुड़ें और अपने क्षेत्र में अन्य लोगों को भी जल संवर्धन और संरक्षण के लिए प्रेरित करें।
उप संचालक उद्यान पीएस बडोले ने बताया कि यह दल राज्य पोषित योजना वर्ष-2024-25 के तहत राज्य के बाहर पांच दिवसीय भ्रमण पर भेजा गया है। उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग सागर से एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं राज्य योजना के तहत राज्य के बाहर पांच दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण के लिए 76 कृषकों का दल प्रयागराज, अयोध्या, प्रतापगढ़, लखनऊ के लिए रवाना किया गया है।
Updated on:
25 May 2025, 5:48 PM IST
Published on:
25 May 2025, 5:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.