20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भीषण गर्मी के साथ हुई मई माह की शुरुआत, 41 डिग्री के पार पहुंचा पारा

शहर में इस माह अधिकतम तापमान 41 से 45 डिग्री तक बढ़ जाता है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 15 डिग्री तक का अंतर आ जाता है।

less than 1 minute read
Google source verification

सागर

image

Rizwan ansari

May 02, 2025

मई की शुरुआत गुरुवार को भीषण गर्मी के साथ हुई। सुबह से ही तपती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। इस बार मई के अधिकांश दिनों में लू परेशान करेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शहर में इस माह अधिकतम तापमान 41 से 45 डिग्री तक बढ़ जाता है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 15 डिग्री तक का अंतर आ जाता है। पिछले वर्ष 27 मई को अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्र ने बताया कि मई में औसत अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहता है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो जाती हैं। बीच-बीच में बादलों की गर्जन के साथ हल्की बारिश से तापमान में कमी भी आती है। इससे राहत महसूस होती है। हल्की बारिश स्थानीय स्तर पर निम्न दाब का क्षेत्र बनने के कारण होती हैं। कभी-कभी हवा का बदलाव या उत्तर भारत से होकर गुजरने वाले पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से बारिश भी होती है।

पिछले वर्ष हुई थी सबसे ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार 55 साल पहले 1969 में मई में रातें ठंडी रहीं थीं। पांच मई 1969 को न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज हुआ था। वर्ष-2023 में भी 14 मई को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री तक गिर गया था। पिछले वर्ष 2024 में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी थी और तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इससे पहले 21 मई 2016 को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज हुआ था।

पिछले दस वर्षों की स्थिति

वर्ष अधिकतम तापमान

2015 46.0
2016 46.6
2017 45.1
2018 45.0
2019 45.0
2020 44.4
2021 42.2
2022 46.1
2023 43.0
2024 46.7
(नोट-तापमान डिग्री सेल्सियस में है।)