
कोतवाली थाना क्षेत्र के सूबेदार वार्ड के भरका इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक घर के बाहर उत्पाद मचाते हुए दिख रहे हैं। वहीं एक युवक हाथ में धारदार बकानुमा हथियार लिए लगातार गाली देता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शनिवार रात का है, वहीं इसमें दिखाई दे रहे युवक कथित तौर पर बिच्छू गैंग के सदस्य हो सकते हैं। खुलेआम इस तरह की धमकी देना और उत्पाद मचाना बदमाशों के बढ़ते हौसलों की ओर इशारा कर रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं पीडित परिवार ने घटना के बाद कोतवाली थाने में आवेदन देकर शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार उदय नाम का युवक अपने कुछ साथियों के साथ एक घर में जबरन घुस गया और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वीडियो में महिला युवक से विवाद न करने और शांत रहने के लिए बार-बार माफी मांगती रही। वहीं जिद्दी बदमाश वीडियो में धमकाते हुए नजर आ रहा है। मामले में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने शिकायती आवेदन मिलने और जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
संत रविदास जयंती के दिन यानी हफ्ते भर पहले ही इसी इलाके में हत्या हुई थी। जहां शोभायात्रा से लौटे एक अपचारी ने बातों ही बातों में शुरु हुई कहासुनी के चलते नशे की हालत में अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया थी। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी इलाज के लिए जे जाते समय मौत हो गई थी। इससे पहले क्षेत्र में कुख्यात गैंग द्वारा दर्जनों आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। इसके अलावा भी कई मामलों में लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
Updated on:
09 Feb 2026 04:38 pm
Published on:
09 Feb 2026 04:38 pm
