मोतीनगर थाना के उपनिरीक्षक ललित वेदी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भूतेश्वर अंडर ब्रिज के पास दो व्यक्ति मोबाइल पर क्रिकेट पर सट्टा खेल रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर टीम ने पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान अमर पुत्र भागचंद आवतानी 36 साल व संजय पुत्र मूलचंद छावड़ा 45 साल दोनों निवासी सिंधी कैंप के रूप में हुई। पुलिस ने जब दोनों के मोबाइल फोन चैक किए तो उसमें क्रोम ब्राउजर पर एक वेबसाइट खोले हुए थे, जिसमें भारत-इंग्लैंड के बीच क्रिकेट मैच में सट्टा लगाने के लिए आइडी खुली थी। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें विक्की नागदेव व स्वप्निल सोनी ने सट्टा खेलने के लिए आइडी दी थी और रुपए लेकर सट्टा खेलने बैलेंस भी डाला था।