
Two houses burnt up to the homes of the fire in the garbage
बीना. आगासौद थानांतर्गत कठाई गांव में कचरे में लगी आग घरों तक पहुंच गई, जिसपर काफी मशक्कत के बाद दमकल की मदद से काबू पाया जा सका, नहीं तो बड़ी घटना घटित हो जाती। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे कठाई गांव में कचरे के ढेर में लगी आग गांव के रहवासी क्षेत्र तक पहुंच गई। जिसके कारण गांव के दो घर आग की चपेट में आ गए। आग से गांव मे हड़कंप मच गया, आग लगने की जानकारी लोगों ने डायल 100 के कंट्रोल रुम को दी, जिसमें ड्यूटी पर मौजूद प्रधान आरक्षक मोहन कुशवाहा, आरक्षक दीपक शुक्ला व पायलट प्रसन्न पटेल मौके पर पहुंचे। आग को बढ़ता देख उन्होंने नपा को फोन लगाकर दमकल भेजने के लिए कहा, लेकिन जब वहां से दमकल नहीं आईतो इसकी सूचना आगासौद थाना प्रभारी को दी, जहां सेे बीओआरएल को सूचना देकर वहां से दमकल को बुलाया। आग ने गांव के बालमुकुंद पिता गोविंद लोधी व विकास लोधी के घर को चपेट में ले लिया था। बालमुकुंद के घर में लकड़ी, भूसा रखा था और मवेशी थे। लोगों ने आग लगते ही मवेशी वहां से छोड़ दिए। साथ ही विकास लोधी के जिस घर में आग लगी उसमें वह रहता था, जिससे गृहस्थी का सामान जल गया। आग लगने से हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।
मंदिर पर चल रहा था यज्ञ, पांच सौ से ज्यादा लोग थे उपस्थित
गांव के हनुमान मंदिर पर चल रहे यज्ञ में करीब पांच सौ से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद थे, गनीमत रही कि आग मंदिर तक नहीं पहुंची नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। घटना के समय गांव के अधिकांश लोग मंदिर पर थे इसलिएभी लोगों को आग की जानकारी समय पर नहीं लग सकी थी, जिससे आग ने विकराल रुप धारण कर लिया था।
नपा की एक दमकल थी खराब, एक का नहीं ड्राइवर
आग लगने की सूचना जब नगरपालिका को दी गई तो वहां से जवाब मिला कि छोटी दमकल की मरम्मत चल रही है और बड़ी का ड्राइवर नहीं है। जिससे दमकल गाड़ी नहीं पहुंच पाएगी। ऐसी स्थिति में यदि शहर में कहीं आग लगती है तो अंदाजा लगाया जा सकता हैकि उसपर काबू कैसे पाया जाएगा।
Published on:
27 May 2019 09:00 am
