-मरीजों के आंसू भी नहीं रुक रहे-शैंपू से दो महिलाओं और दो बच्चों की आंखों में इन्फेक्शन
सागर/रहली। शैंपू से नहाने के बाद दो महिलाओं और दो बच्चों की आंखों में इन्फेक्शन हो गया। मामला रहली क्षेत्र के कासल पिपरिया गांव का है। जानकारी के अनुसार, पहले मरीजों की आंखों में जलन हुई और जब शाम को लाइट जलीं, तो सभी को नीला-पीला नजर आने लगा। परिजन पहले उन्हें रहली में निजी व सरकारी अस्पताल ले गए, किंतु आराम नहीं मिला, तो मंगलवार सुबह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) लेकर पहुंचे। कासल पिपरिया गांव में रहने वाली नत्थी बाई (70) बतीबाई (50), उमा लोधी (09) और प्रताप लोधी (07) ने रविवार को नहाते समय शैंपू लगाया था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने शैंपू किराना दुकान से ली थी।
बीएमसी में डॉक्टरों ने नहीं दिया ध्यान
दो दिन से तड़प रही महिलाओं और बच्चों को मंगलवार सुबह बीएमसी ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने ध्यान नहीं दिया। परिजनों ने बताया कि डॉक्टरों ने चेक तक नहीं किया। और तो और दोपहर दो बजे ही ओपीडी में ताला लगाकर सब लोग चले गए। परिजन भटकते रहे, फिर शाम को सभी को वार्ड में भर्ती कराया गया।