सहारनपुर

सहारनपुर में 50 से अधिक ट्रेनें रद्द यात्री परेशान, लोगों ने बांटा खाना

सहारनपुर से अंबाला की ओर ना तो कोई ट्रेन जा रही है और ना ही अंबाला से सहारनपुर की ओर कोई ट्रेन आ रही है

2 min read
Aug 26, 2017

सहारनपुर। पंचकूला हिंसा के दूसरे दिन भी सहारनपुर में रेल यातायात सामान्य नहीं हो सका। सहारनपुर से अंबाला की ओर ना तो कोई ट्रेन जा रही है और ना ही अंबाला से सहारनपुर की ओर कोई ट्रेन आ रही है। स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि अब तक सहारनपुर में 50 से अधिक ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं और आगे भी अभी ट्रेनों के रद्द होने की आशंका जताई जा रही है। अंबाला की ओर जाने वाले सभी यात्रियों को सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर उतरना पड़ रहा है और इनके अब आगे जाने के लिए रेलवे के पास कोई साधन नहीं है।

फिलहाल रेलवे इनके टिकट के पैसे वापस कर रहा है और सहारनपुर उतरने वाले यात्रियों से अनुरोध किया जा रहा है कि वह सहारनपुर से मुरादाबाद और दिल्ली की ओर जा रही ट्रेनों में सवार होकर वापस चले जाएं। रेलवे की ओर से बार-बार यह अनुग्रह करने के बाद भी यात्री सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ही रुके हुए हैं और उनको यह उम्मीद है कि अगले कुछ घंटों में जैसे ही ट्रेनों का संचालन शुरू होगा तो वह अंबाला की ओर रवाना हो सकेंगे। इससे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई है और यहां प्लेटफार्म से लेकर यात्री विश्राम गृह में बैठने तक की जगह यात्रियों को नहीं मिल पा रही।

फंसे हुए यात्रियों को खाना खिलाने के लिए कई संस्थाएं आयी आगे

2 दिन से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर फंसे यात्रियों को खाना खिलाने के लिए सहारनपुर के कई लोग आगे आए हैं सुबह से ही यहां रेलवे स्टेशन पर फंसे यात्रियों को खाना बांटा जा रहा है। स्टेशन पर जो यात्री फंसे हुए हैं उनमें से अधिकांश बिहार क्षेत्र से हैं और यही कारण है कि ये यात्री इस इंतजार में है कि अगर अगले 1 या 2 दिन में भी ट्रेनों का संचालन अंबाला की ओर शुरू होता है तो उन्हें वापस जाने में फायदा नहीं है और इस अवधि में वह सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ही रुक कर इंतजार करेंगे। इन यात्रियों कि सहायता के लिए शहर के लोगों ने इनके खाने की व्यवस्था की है और रेलवे स्टेशन पर लोग खाना बांट रहे हैं।

रेलवे की ओर से दी जा रही मेडिकल सुविधा

स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से फिलहाल मेडिकल काउंटर लगाया गया है और जो यात्री सहारनपुर में फंसे हुए हैं उन्हें फर्स्ट एड मिल सके इसके लिए रेलवे की ओर से डॉक्टर रेलवे स्टेशन पर सेवाएं दे रहे हैं।

नहीं मिल रही सटीक जानकारी

रेलवे स्टेशन पर 2 दिन से मौजूद हरिया ने बताया कि वह बिहार से हैं और उसका परिवार भी उसके साथ है। कल शाम से हरिया अपने परिवार के साथ सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर इस इंतजार में बैठा हुआ है कि अंबाला की ओर ट्रेन चलने पर वह आगे का सफर तय करेगा। पूछने पर हरिया ने बताया कि रेलवे ने उसके टिकट के तो पूरे पैसे वापस कर दिए हैं लेकिन ट्रेनों का संचालन कब शुरू होगा इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।

Published on:
26 Aug 2017 06:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर