सहारनपुर ( saharanpur ) में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi Adityanath ) ने 145 करोड़ रुपये की विकास वाली योजनाओं का लोकार्पण किया। बोले कि यूपी सरकार विकास में भेदभाव नहीं करती। यूपी को दंगा मुक्त और अपराध मुक्त प्रदेश बताते हुए उन्होंने जनता से प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकार को अब ट्रिपल इंजन वाली सरकार में बदलने का आह्वान किया।
ऐसे समझाया ट्रिपल इंजन वाली सरकार का अर्थ
निकाय चुनाव से ठीक से पहले सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन सम्मेलन के मंच से यूपी में अब ट्रिपल इंजन वाली सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभी तक यूपी में डबल इंजन वाली सरकार है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है जिसे डबल इंजन वाली सरकार कहा जाता है। इस सरकार ने दोगुनी रफ्तार से यूपी में विकास किया है। अब निकाय चुनाव में भी यदि जनता भाजपा प्रतिनिधियों काे चुनती है तो यह ट्रिपल इंजन वाली सरकार बन जाएगी। केंद्र और प्रदेश के साथ-साथ निगम और निकायों में भी जब भाजपा के ही जनप्रतिनिधि चुनकर आएंगे ताे विकास दोगुनी नहीं बल्कि तीनगुना गति से आगे बढ़ेगा।
विकास के बल पर मिल रही अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
यह बातें मुख्यमंत्री ने यहा महाराज सिंह कॉलेज में प्रबुद्धजन सम्मेलन के लिए बनाए गए विशाल मंच से सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास में कोई भेदभाव करती। वर्ष 2017 से पहले यूपी में कोई निवेश नहीं कर रहा था। जो व्यापारी और उद्यमी यहां काम कर रहे थे वो भी अपराध के डर से पलायन करते जा रहे थे। वर्ष 2017 में जब जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया तो उसके बाद से प्रदेश का चेहरा बदला है। आज प्रदेश में चारों और विकास हो रहा है। प्रदेश की सड़कें अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की बन रही हैं। काष्ठ नगरी सहारनपुर को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही हैं।
सहारनपुर से जल्द उड़ान भरेंगे विमान
मुख्यमंत्री ने यहां मंच से 145 करोड़ रुपये कीमत की 243 विकास वाली योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही सहारनपुर काे वायु मार्ग से जोड़ दिया जाएगा। सहारनपुर में एयरपोर्ट बन रहा है और जल्द ही यहां से देशभर के लिए उड़ानें शुरू होंगी। अपने संबोधन को उन्होंने सहारनपुर की कुल देवी मां शाकम्भरी देवी को प्रणाम करते हुए शुरू किया और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ संपन्न करते हुए कार्यक्रम में आए लोगों से आगामी निकाय चुनाव के लिए ऐसा प्रत्याशी चुनने का आह्वान किया जो विकास की बात करता हो अपराधमुक्त प्रदेश की बात करता हो। कायर्क्रम में सहारनपुर के साथ-साथ शामली और मुजफ्फरनगर से भी लोग सीएम को सुनने के लिए पहुंचे थे। सम्मेलन को मंत्री ब्रिजेश सिंह, मंत्री जसवंत सैनी, मेयर संजीव वालिया और पूर्व सांसद राघवलखनपाल शर्मा ने भी संबोधित किया।