सहारनपुर के मोहल्ला न्यू शारदानगर में बीमार पत्नी ने बेड पर शौच कर दिया। इस पर पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
कुतुबशेर थानाक्षेत्र के न्यू शारदानगर निवासी 30 वर्षीय संदीप ने अपनी पत्नी अलका को पीट-पीटकर मार डाला। बताया जाता है कि 29 वर्षीय महिला काफी बीमार थी। बीमारी के चलते उसने बेड पर ही शौच कर दिया। इस बात पर पति हैवान बन गया और उसने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि पति ने पत्नी को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। क्रूरता से इस वारदात को अंजाम देकर आरोपी पति मौके पर ही बैठा रहा। सूचना पर पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया।
शादी के दस वर्ष बाद भी नहीं बन पाई थी मां
बताया जाता है कि महिला शादी के दस वर्ष बाद भी मां नहीं बन पाई थी। इस बात को लेकर भी पति नाराज था। पिछले कुछ दिनों से महिला की हालत बिगड़ती जा रही थी। इससे पति काफी नाराज चल रहा था। दो दिन पहले महिला की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसने बेड पर ही शौच कर दिया। इसको लेकर पति को गुस्सा आ गया और उसने बेरहमी से पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।
पीटते-पीटते दीवार में दे मारा सिर
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि संदीप ने अपनी पत्नी अलका को बुरी तरह पीटा। पीटते-पीटते इसने पत्नि का सिर दीवार में दे मारा। इससे उसे गंभीर चोट आई और मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो संदीप पत्नी के शव के पास ही बैठा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।