4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

BIG NEWS: सतना के व्यापारियों के लिए बड़ी खबर, चेंबर चुनाव 8 जुलाई को

कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया निर्णय, सात जुलाई को टाउन हाल में होगा अधिवेशन  

2 min read
Google source verification
vindhya chamber of commerce satna

vindhya chamber of commerce satna

सतना. तमाम उहापोह के बीच आखिरकार चेम्बर चुनाव की तिथियां घोषित हो गईं। गुरुवार को कार्यकारिणी समिति की हुई बैठक में 8 जुलाई को चुनाव का निर्णय लिया गया। इसके एक दिन पहले चेम्बर का 58वां द्विवार्षिक अधिवेशन 7 जुलाई को टाउन हाल में होगा। समिति ने चेक डिसऑनर होने से सदस्यता समाप्त होने के खतरे से जूझ रहे लोगों को भी एक और मौका दिया है तो सदस्यता सूची में प्रतिनिधि परिवर्तन का मौका देते हुए 10 जून तक अवसर दिया गया है।

उसी दिन घोषित होंगे परिणाम
चेम्बर भवन में आयोजित चेम्बर कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस कार्यकाल की समाप्ति के बाद नये चुनाव की तिथि तय कर दी गई। चेंबर के कार्यवाहक महामंत्री यशपाल जैन ने बताया क चेम्बर का द्विवार्षिक अधिवेशन 7 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। यह अधिवेशन टाउन हाल में होगा। दो सत्रों में होने वाले इस आयोजन में द्वितीय सत्र के पश्चात सत्र 2018-20 की चुनाव प्रक्रिया आरम्भ होगी। आवश्यकता अनुसार 8 जुलाई को चेम्बर भवन में मतदान कराए जाएंगे तथा उसी दिन परिणाम घोषित होंगे। समिति की बैठक की अध्यक्षता चेम्बर अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने की। बैठक में प्रतिवेदन एवं आय-व्यय विवरण पारित किया गया तथा अधिवेशन की तैयारियों के सम्बन्ध में निर्णय लिये गए।


13 के बाद सामने आएगी मतदाता सूची
चेम्बर के कार्यवाहक महामंत्री यशपाल जैन ने बताया है कि विन्ध्य चेम्बर कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि सदस्यता सूची में प्रतिनिधि परिवर्तन 10 जून तक हो सकेगा और जिनके चेक डिसऑनर हो चुके हैं वे अविलम्ब चेम्बर कार्यालय में चेक एवं दण्ड की राशि 500 रुपये का चेक जमा कर सदस्यता सूची में बने रह सकते हैं। उन्होंने बताया है कि समिति ने मतदाता सूची 13 जून के बाद जारी किये जाने का निर्णय लिया है। इस बार मतदाताओं की संख्या गत वर्ष से काफी कम 1221 बताई गई है जबकि पिछली बार यह संख्या 1500 के करीब थी।


विवादों से घिरा रहा कार्यकाल
उधर चेम्बर सदस्य व्यापारियों का कहना है कि यह पूरा कार्यकाल विवादों में घिरा रहा तथा भ्रष्टाचार के मामले सामने आने के कारण चेम्बर की छवि भी धूमिल हुई। बताया गया है कि चेम्बर का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो जाता है और संविधान अनुसार तीन माह की अवधि चुनाव के लिये दी जाती है। लेकिन इस कार्यकारिणी ने इसका भी पालन नहीं किया है। संविधान अनुरूप चुनाव ३० जून की अवधि में हो जाने चाहिए। लेकिन इसे इस अवधि से आगे ले जाया गया है।


शुरू हुई प्रत्याशियों की गुणा गणित
इधर चुनाव की घोषणा के साथ ही व्यापारियों के बीच चेम्बर के 14 कार्यकारिणी सदस्यों के लिये प्रत्याशियों की पूछ परख भी शुरू हो गई है। चेम्बर की वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यकाल के दौरान जिस तरीके की चेम्बर की छवि बनी है उसको लेकर व्यापारी इस बार काफी सजग नजर आ रहे हैं और चेम्बर की पुरानी छवि लौटाने की क्षमता रखने वाले व्यापारिक लोगों को ही इस बार अवसर देने का मन बना रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बार के चुनावों में काफी उलट फेर की संभावना है।