4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP के इस जिले में आकाशीय बिजली बनी काल, पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत

बरौंधा और सभापुर थाना इलाके की घटना

2 min read
Google source verification
satna death news photo

satna death news photo

सतना. जिले में बुधवार को दो जगहों पर गिरी आकाशीय बिजली ने चार लोगों की जिंदगी बुझा दी। मरने वालों में पति-पत्नी व चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं। बारिश से बचने चारों लोग पेड़ के नीचे खड़े हुए थे। गाज गिरने की पहली घटना सभापुर थाना इलाके के पिपरी टोला में दोपहर 2 बजे हुई। अहरी में चपेट में आने से ईंट भट्ठा में काम कर रहे पति-पत्नी की मौत हो गई। दूसरा हादसा बरौंधा थाना इलाके के पडऱी कवरिन गांव में हुआ। वहां आम के पेड़ पर बिजली गिरने से वहां मौजूद दो ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उक्त गांव में एक साथ दो-दो लोगों की असमय मौत के चलते मातम पसर गया।

एक बार बिजली कड़की और बुझ गई जिंदगी
सभापुर थाना से करीब 10 किमी दूरी पर मौजूद पिपरी टोला में गाज गिरने से रामनरेश प्रजापति (32) पिता मोहनलाल व उसकी पत्नी सरिता देवी (30) की मौत मौके पर हो गई थी। ग्रामीण आनन-फानन इलाज के लिए निजी अस्पताल सतना ले गए, जहां चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजन मृतकों को जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रामनरेश का अपना ईंट भट्ठा था। उसमें दोनों पति-पत्नी काम करते थे। बुधवार को दोनों वहीं काम कर रहे थे, इसी दौरान बारिश होने लगी। बारिश से बचने पास में ही एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए जहां तेज गरज के साथ बिजली गिर गई। ग्रामीणों ने बताया कि सिर्फ एक बार ही बिजली कड़की और गांव दो जिंदगी बुझ गईं।

3 बच्चे हो गए अनाथ
गाज के चलते असमय मौत के आगोश में गए रामनरेश व सरिता के तीन बच्चे हैं। मृतकों के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि दो लड़की व एक लड़के में सीमा (14) सबसे बड़ी है। उसके बाद शिवानी (12) व सबसे छोटा शुभम (10) है। बताया गया कि मृतक पति-पत्नी घटना के करीब एक घंटे पहले घर से निकले थे। गाज के चलते तीन बच्चों के सिर से मां-बाप का साया छिन गया।

आंधी चली तो दौड़े आम बीनने, लौटकर कंधे पर आए
बरौंधा थाना से 8 किमी दूर पडऱी कवरिन गांव में आम बीनने गए दो ग्रामीणों ने गाज गिरने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक सिपाहीलाल(55) पिता जरइया वर्मा व दिलीप कुमार(22) पिता जियोलाल वर्मा रिश्ते में चाचा भतीजे थे। वे दोपहर करीब दो बजे आंधी चलने पर बोरी लेकर पास में ही मौजूद खेतों में आम बीनने गए थे। दोपहर ढाई बिजली कड़कने साथ बारिश होने से दोनों आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। बिजली की गरज इतनी तेज थी कि पूरा गांव दुबक गया। गरज शांत होते ही सभी घटना स्थल की ओर दौड़े जहां दोनों मृत हालत में मिले। बताया गया कि दोनों को बरौंधा अस्पताल लाया गया जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। पुलिस ने बरौंधा पीएचसी में मृतकों का पोस्टमार्टम कराते हुए शवों को परिजन के सुपुर्द कर दिया।