20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कहीं डाकघर में तो डंप नहीं आपका ‘आधार’

हकीकत: सतना के डाकघरों में डंप 20 हजार से अधिक कार्ड

2 min read
Google source verification

सतना. यदि आप आधार कार्ड बनवाने के बाद उसके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं तो भूल जाइए। आपको आधार कार्ड चाहिए तो अपने नजदीकी उप डाकघर में एक बार पता जरूर कर लें। हो सकता है कि आपका आधार वहां डंप हो। दरअसल, उप डाकघरों में तैनात पोस्टमैन ने आधार कार्ड का वितरण बंद कर दिया है। मनमानी का नतीजा यह है कि जिले के उप डाकघरों में 20 हजार से अधिक आधार कार्ड डंप हैं। इधर, आधार कार्ड घर न पहुंचने से परेशान उपभोक्ता ऑनलाइन सेंटरों में जाकर डुप्लीकेट आधार निकलवाने को मजबूर हंै।

शनिवार को पत्रिका ने शहर में स्थित उप डाकघरों में जाकर आधार कार्ड वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तो वहां अलमारियों एवं टेबल पर कार्ड डंप नजर आए। अकेले बिरला विकास उप डाकघर में तीन हजार से अधिक आधार कार्ड डंप हैं। ये छह माह से दो साल पूर्व के बताए जा रहे हैं। ऐसे में शहर के चारों उप डाकघरों को मिलाकर 20 हजार से अधिक कार्ड डंप हैं। प्रधानडाक घर के सूत्रों ने बताया कि कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे उप डाकघरों ने सामान्य डाक का वितरण नहीं किया। चूंकि आधार कार्ड सामान्य डाक से भेजे जा रहे हैं, इसलिए पोस्टमैन इनके वितरण में रुचि नहीं दिखा रहे।
तलाशने में हो रही परेशानी

महीनों से आधार कार्ड घर पहुंचने का इंतजार कर रहे उपभोक्ता जब कार्ड की जानकारी लेने पोस्ट ऑफिस जाते हैं तो पोस्टमैन उस टेबल के सामने ले जाकर खड़े कर देते हैं जिसमें आधार कार्ड डंप हैं। अलमारियों में रद्दी की तरह पड़े 'आधारÓ से एक कार्ड छांटना उपभोक्ता के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता। डाकघर में धूल फांक रहे कार्डों को छांटने से कुछ नसीब वाले लोगों को ही अपना आधार कार्ड मिल पाता है।

जिम्मेदारों के अपने-अपने तर्क
आधार कार्ड का वितरण पते पर क्यों नहीं किया जाता, इस पर पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी कुछ अलग ही तर्क देते हैं। एक पोस्टमैन ने कहा कि डाक घर में प्रतिदिन 50 से अधिक आधार कार्ड आते हैं। चार वार्डों में मैं अकेले डाक बांटता हूं, इसलिए स्पीड पोस्ट एवं रजिस्ट्री डाक वितरण के लिए ही समय नहीं बचता, आधार कार्ड का वितरण कैसे करूं। एक महिला कर्मचारी कहती हैं कि डाक विभाग में 30 फीसदी कर्मचारी बचे हैं। रजिस्टर्ड डाक का वितरण मुश्किल से होता है। सामान्य पत्र का वितरण संभव नहीं।
पता गलत होने का बहाना

पोस्ट ऑफिस में आने वाली हर डाक को उसमें दर्ज पते पर भेजना चाहिए। लेकिन आधार कार्ड वितरण में पोस्ट ऑफिस के अधिकारी-कर्मचारी नियम का पालन नहीं कर रहे। इस संबंध में जब उप डाकघर के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने आधार डंप होने की बात तो स्वीकारी पर वितरण न होने की बात से मुकर गए। एक अधिकारी ने कहा कि अधिकांश आधार कार्ड में एड्रेस गलत होता है। इसलिए उनका वितरण संभव नहीं हैं।

खास-खास
शहर में उप डाकघर 04

एक उप डाकघर में आधार 3800 से अधिक
चार उप डाकघर में आधार 20000 लगभग