
door to door kachra collection kya hai
सतना। निगम प्रशासन ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कचरा कलेक्शन की जिम्मेदारी निजी ठेका कंपनी को दी है। डोर टु डोर कचरा उठाने वाली कंपनी को निगम हर माह 10 लाख रुपए का भुगतान भी कर रहा है। इसके बावजूद शहर की सड़कों से कचरा कम होने का नाम नहीं ले रहा। जनता को सफाई के प्रति जागरूक करने जनजागरूकता अभियान पर भी बजट का बड़ा हिस्सा खर्च किया जा रहा। लेकिन न तो स्वच्छता के प्रति जनता में जागरूकता आई और न डोर टु डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था परवान चढ़ सकी। आलम यह है कि गली-गली कचरा वाहन पहुंचने के बाद भी लोग सड़क व नाली में कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे।
परिणाम, रेमकी कंपनी को कचरा कलेक्शन के लिए प्रति माह 10 लाख रुपए भुगतान करने के बाद भी निगम को प्रतिदिन शहर से 50 टन से अधिक कचरा स्वयं उठवाना पड़ रहा है। निगम एवं कचरा कलेक्शन कंपनी के कर्मचारियों का दावा है कि शहर के सभी 45 वार्डों में डोर टु डोर कचरा उठाने के लिए ५० वाहन घर-घर दौड़ रहे हैं। फिर भी शहर की 60 फीसदी आबादी सड़क एवं खाली प्लॉटों में कचरा फेंक रही है। शहर में ५० फीसदी घरों में आज भी डस्टबिन नहीं हैं। लोग घर में डस्टबिन के उपयोग की जगह कचरा सीधे सड़क पर फेंक देते हैं। शहर को गंदा करने में व्यापारी भी पीछे नहीं।
10 हजार की पेनाल्टी
शहर को साफ रखने गीला और सूखा कचरा डस्टबिन में इकट्ठा कर कचरा वाहन को देने के लिए एक साल से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बाद भी व्यापारी निगम प्रशासन का सहयोग नहीं कर रहे। इससे परेशान होकर निगम प्रशासन ने शहर में गंदगी फैलाने वालों को सबक सिखाने का निर्णय लिया है। निगमायुक्त ने निर्देशन में स्वच्छता शाखा की टीम ने होली से पहले मंगलवार को बाजार क्षेत्र में स्वच्छता की जांच करते हुए रीवा रोड पर कचरा फेंकने वाले व्यापारियों पर एक दिन में 10 हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया। प्रतिबंध के बावजूद सड़क किनारे जहां पर कचरा डंप मिला, उसके आसपास की सभी दुकानों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।
दुकानों में दबिश, 4 क्विंटल पॉलीथिन जब्त
शहर में अमानक पॉलीथिन प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से बिक रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को पॉलीथिन मुक्त शहर अभियान शुरू किया गया। नगर निगम की स्वच्छता टीम ने बाजार में पॉलीथिन की बिक्री करने वाले व्यापारियों की दुकानों में दबिश दी। निगम प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान दुकानों से 4 क्विंटल प्लास्टिक बैग व पॉलीथिन जब्त की गई। स्वच्छता अधिकारी ने व्यापारियों से प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग बंद कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
सभी 45 वार्डों में डोर टु डोर कचरा उठाव की व्यवस्था है। कंपनी के वाहन कचरा लेने घर-घर पहुंच रहे हैं। इसके बाद भी शहर की आधी आबादी अभी भी सड़क पर कचरा डाल रही है।
ब्रजेश मिश्रा, स्वच्छता अधिकारी
कचरा कलेक्शन व्यवस्था
- 45 वार्ड शहर में
- 45 वार्डों से कलेक्ट हो रहा कचरा
- 50 वाहन दौड़ रहे कॉलोनियों में
- 10 वाहन कंपनी ने लगाए कचरा परिवहन में
- 100 टन कचरे का प्रतिदिन निस्तारण कंपनी द्वारा
- 50 टन कचरा सड़क से उठवाता है निगम
- 50 फीसदी डोर टु डोर कचरे का कलेक्शन
Published on:
20 Mar 2019 05:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
