
satna Circuit House to Savera Hotel Road news in hindi
सतना। सर्किट हाउस से सवेरा होटल तक रीवा रोड के चौड़ीकरण एवं पेवर्स लगाने के नाम पर जनता की गाड़ी कमाई बर्बाद हो सकती है। 1.15 करोड़ की लागत से बनने वाली सीसी सड़क को कुछ महीने बाद ही उखाडऩा होगा। अभी रीवा रोड का जहां चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। वहां पर सीवर लाइन और अमृत योजना का कार्य होना बाकी है। एक ओर सीवर लाइन की खुदाई होने से दो साल से पूरे शहर में सड़क निर्माण पर निगम प्रशासन ने पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रखा है।
वहीं रीवा रोड पर बिना सीवर लाइन बिछे व अमृत योजना के तहत पाइप लाइन से कनेक्शन देने का कार्य अधूरा होने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने से निगम के इंजीनियरों में समन्वय का अभाव दिख रहा है। निगम की ओर से इस काम को किए जाने पर पार्षदों ने भी सवाल उठाए हैं।
दो माह में उखाडऩी पड़ेगी सड़क
सूत्रों ने बताया कि रीवा रोड में जहां पर एक करोड़ की लागत से नई सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। वहां जल्द ही सीवरलाइन का कार्य शुरू होने वाला है। इसलिए नई सड़क बनने के बाद सीवर लाइन व अमृत योजना के नल कनेक्शन देने के लिए सड़क उखाडऩी पड़ेगी। बिना सड़क उखाड़े सीवर लाइन एवं अमृत योजना के नल कनेक्शन देना संभव नहीं हैं।
होना यह चाहिए था
रीवा में रोड चौड़ीकरण कार्य शुरू होने से पहले यहां पर सीवर लाइन बिछाने एवं अमृत योजना के नल कनेक्शन देने का कार्य प्राथकिमता के साथ पूरा करना चाहिए। जिससे नई सड़क बनने के बाद दूसरी बार उसे तोडऩा न पड़े। लेकिन निर्माण कार्य में खेल करते हुए इंजीनियरों ने सीवर लाइन डलने से पहले सड़क चौड़ीकरण के कार्य का वर्क आर्डर जारी कर दिया, जो तकनीकी रूप से गलत है।
कमीशन का आरोप
जानकारों का कहना है कि शहर में सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। रीवा रोड में भी सीवर लाइन एवं पाइल लाइन बिछाने का कार्य होना है। पर निगम इंजीनियरों ने विकास के नाम पर बिना सीवर लाइन बिछे ही दो करोड़ के सड़क चौड़ीकरण के कार्य को स्वीकृति दे दी। आरोप है कि यह खेल कमीशन के लिए किया जा रहा है। निगम में पदस्थ इंजीनियर जनप्रतिनिधियों को गुमराह कर सीवरलाइन डालने से पहले सड़क निर्माण कार्य को मंजूरी देकर जनता की गाड़ी कमाई का पैसा बर्बाद करने की साजिस कर रहे हैं।
जब पूरे शहर में सड़क निर्माण कार्य पर प्रतिबंध है तो फिर नगर निगम बिना सीवरलाइन बिछे रीवा रोड का चौड़ीकरण कैसे करा सकता है। यह पैसा बर्बाद करने का बड़ा खेल है। मैं इसकी जानकारी लेकर निगमायुक्त से निर्माण कार्य पर तुंरत रोक लगाने की मांग करुंगा।
अनिल जायसवाल, अध्यक्ष नगर निगम
शहर विकास के लिए रोड चौड़ीकरण का प्रस्ताव पास किया था। यह इंजीनियरों की जिम्मेदारी है कि वह सड़क निर्माण से पहले सीवर लाइन का कार्य कराएं। नवाचार के नाम पर मनमानीपूर्वक निगम का पैसा बर्बाद कर रहे हैं। यह बड़ा मामला है, इसे एमआइसी में रखते हुए जांच की मांग की जाएगी।
सुशील सिंह मुन्ना, एमआइसी सदस्य
नगर निगम भ्रष्टाचार का अखाड़ा बन चुका है। निगम इंजीनियर कमीशन के लिए कुछ भी कर सकते हैं। रीवा रोड का चौड़ीकरण इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। जब सीवर लाइन नहीं बिछी तो सड़क चौड़ीकरण की मंजूरी किसने दी। निगमायुक्त को ज्ञापन देकर कार्य रुकवाने एवं दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
शैलेन्द्र सिंह गुड्डू, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम
मुझे सड़क चौड़ीकरण का वर्कआर्डर निगम प्रशासन ने दिया है। सड़क निर्माण का कार्य पांच साल की गारंटी पर किया जा रहा है। सीवर लाइन या किसी अन्य कार्य के लिए सड़क तोडऩे से पहले नगर निगम प्रशासन को लिखित आदेश जारी करने होंगे। यह सड़क जो भी तोड़ेगा मरम्मत की जिम्मेदारी उसी संस्था की होगी।
शुभेन्द्र पाण्डेय, कांट्रेक्टर सड़क निर्माण
Published on:
30 Jan 2019 06:17 pm

