22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतना वार्ड क्रमांक-1: अविकसित तालाब बिगाड़ रहे सूरत, सड़क-बिजली और पानी भी नहीं

वार्ड क्रमांक-1: बुनियादी सुविधाओं की मोहताज रहवासी, जलावर्धन की राशि लेने के बाद भी निगम ने नहीं दिया कनेक्शन

4 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

May 03, 2018

Satna Nagar Nigam Ward No. 1 news in hindi

Satna Nagar Nigam Ward No. 1 news in hindi

सतना। निगम के वार्ड एक की बात की जाए तो पहली नजर में तीन तालाबों वाला समृद्ध क्षेत्र नजर आता है। लेकिन, यही तालाब स्थानीय रहवासियों के लिए समस्या बने हुए हैं। कारण, निगम न तो तालाब को विकसित कर रहा है न ही सफाई कराता है। उल्टा नाली का गंदा पानी तालाबों में जाकर रुकता है। इससे पूरा वार्ड प्रदूषण की मार झेल रहा है।

आलम यह है कि मूलभूत सुविधाओं के लिए निगम की ओर रहवासी टकटकी लगाकर बैठे हुए हैं। उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। उपेक्षा से स्थानीय रहवासियों में आक्रोश है। वे दावा करते हैं कि कभी भी निगम का घेराव हो सकता है और प्रशासन के लिए स्थिति विषम हो सकती है। गंदगी के साथ-साथ सड़क, बिजली, पानी व नाली प्रमुख समस्या है। जलावर्धन के तहत पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन स्थानीय रहवासियों के लिए ये कवायद भी बेमानी साबित हो रही है।

बस्ती अविकसित
वार्ड में कुल 9 बस्तियां हैं। इसमें से 7 हरिजन बस्तियां है। पूरी तरह से कोई भी बस्ती विकसित नहीं है। चौतरफा विकास का दम भरने वाला नगर निगम वार्ड में शत प्रतिशत सड़क, नाली, बिजली व पानी की सुविधा तक उपलब्ध नहीं करा सका है। घरों का गंदा पानी कच्ची सड़क पर बह रहा है। स्ट्रीट लाइट जो भी वार्ड में लगाई जाती है, वे बमुश्किल 3 से 4 दिन चलने के बाद बंद हो जाती है।

योजना का लाभ सिर्फ गिनती के लोगों को
व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण कार्य में भी लापरवाही सामने आई है। समूचे वार्ड में कुल 500 व्यक्तिगत शौचालय ही बनाए जा सके। जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उतैली में बन रहे मकान के लिए महज 2 हितग्राहियों के आवेदन जमा हो सके। स्वयं की जमीन पर दो सौ लोगों ने मकान बनवाने के लिए आवेदन दिए हैं। अब राशि आने में भी देरी हो रही है। वार्ड के कुछ ही भाग में अभी सीवर लाइन बिछ सकी है।

शुल्क लेते, सफाई पर नहीं ध्यान
वार्ड पार्षद मीना माधव की मानें तो उनके वार्ड के 90 फीसदी घरों से निगम संपत्तिकर लेता है। लेकिन, जब विकास की बारी आती है तो इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। सिर्फ 5 सफाईकर्मी के भरोसे पूरे वार्ड की सफाई होती है।

राशि वसूली, कनेक्शन नहीं दिया
वार्ड के रहवासियों को सबसे ज्यादा परेशानी जलावर्धन के नाम पर निगम के धोखे से है। वार्ड में करीब 20 घर ऐसे हैं, जिनसे कनेक्शन के लिए राशि जमा करा ली गई। लेकिन, आज तक कनेक्शन नहीं दिया गया। जिन घरों में कनेक्शन दिया गया है, वहां पानी नहीं आ रहा है। नालियां बजबजा रही हैं।

फैक्ट फाइल
वार्ड नंबर : 1
वार्ड का नाम : डॉ. अम्बेडकर वार्ड
कुल जनसंख्या : 7161
मतदाता : 4325
अजा जनसंख्या : 2150
अजजा जनसंख्या : 429
पुरुष : 2339
महिला : 1986

मैं नगर निगम के कार्य से फिलहाल असंतुष्ट हूं। कई विकास कार्यों को फाइलों में दबा दिया गया। तालाब के सौंदर्यीकरण से लेकर निर्माण कार्यों तक में विलंब किया जा रहा है।
मीना माधव, पार्षद वार्ड क्रमांक-1

वार्ड में कहने को तीन तालाब हैं, लेकिन उन तालाबों की हालत जैसी की तैसी है। तालाब में वार्ड के लोग गंदगी फेंकते हैं। इस कारण तालाब सूख रहा है। नालियां बजबजा रही हैं।
उमेश खम्परिया, वार्डवासी

वार्ड में आधी से अधिक सड़क पूरी तरह बनी नहीं है। पार्षद से कई बार शिकायत की गई। वार्ड पार्षद ने लिखित में शिकायत को लेकर जिम्मेदार के पास समस्या पहुंचाया, लेकिन आज तक कोई निदान नहीं हुआ।
रामानंद सेन, वार्डवासी

बिजली के खंभे को लेकर कई बार कहा गया, लेकिन आज तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। कई गलियों में रात को निकलना मुश्किल हो जाता है। आए दिन मोहल्ले में घटनाएं भी हो रही हैं।
नरेंद्र मिश्र, वार्डवासी

जलावर्धन योजना के तहत कनेक्शन होने के बाद भी आज तक कई लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। वार्ड के लोगों ने जलावर्धन लाइन के लिए पैसे जमा करने के बाद परेशान हैं। पानी के लिए भटक रहे हैं।
रमेश प्रसाद सेन, वार्डवासी

वार्ड में तीन तालाब हैं। लेकिन उन तालाबों में गंदगी फेंकी जा रही है। इस कारण तालाब के पास रहने वाले लोगों की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। तालाब सही हो जाए तो पानी की किल्लत नहीं होगी।
सुनील पाण्डेय, वार्डवासी

सड़क, नाली और साफ-सफाई को लेकर वार्ड के अधिकतर लोग परेशान हंै। वार्ड में गंदगी पसरी रहती है। हमने कई बार शिकायत की है। इसके बाद भी समस्या का निदान नहीं हो रहा है।
आशीष गुप्ता, वार्डवासी

जलावर्धन लाइन के लिए हमसे पैसा जमा करा लिया है, लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं दिया गया है। इसको लेकर कई बार पार्षद से कहा गया है। पैसा देने के बाद भी हम पानी के लिए सुबह-शाम भटक रहे हैं।
आशीष सिंह, वार्डवासी

सड़क निर्माण न होने से वार्ड की जनता परेशान है। बरसात के दिनों में घर से निकलना आम जनता को दूभर होता है। रोड का निर्माण बरसात के पहले होना अति आवश्यक है। नहीं तो बरसात में कैद हो जाएंगे।
प्रवीण पंकज सिंह , वार्डवासी

सफाई कर्मचारी की कमी के कारण सड़कों की सफाई नहीं होती है। सफाई वार्ड में सप्ताह में कभी-कभी होती है। इस कारण आम जनता परेशान है। यहां नालियां और तालाब दुर्गंध मार रहा है।
रामेश्वर प्रसाद मिश्र, वार्डवासी

वार्ड में नाली का निर्माण किया गया है, लेकिन नीचे बेस न होने के कारण पानी आगे बढ़ता नहीं है। नालियों का पानी सड़क पर आता है। लोगों को आए दिन समस्या का सामना करना पड़ता है।
राजू जायसवाल, वार्डवासी

वार्ड में किए गए कार्य से संतुष्ट नहीं हैं। वार्ड में रात होते ही अंधेरा हो जाता है। प्रकाश की व्यवस्था होना अति आवश्यक है। सड़क भी चलने लायक नहीं है। तालाब का पानी दुर्गंध मार रहा है।
रामकिशोर शर्मा, वार्डवासी

मूलभूत समस्या से वार्डवासी जूझ रहे हैं। वार्ड में किसी भी घर के पानी के निकासी व्यवस्था नहीं होने से सभी परेशान हैं। इसका निदान अभी तक नहीं हुआ है। इसके अलावा भी कई समस्याएं हैं।
प्रदीप कुमार शर्मा, वार्डवासी