30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतना वार्ड क्रमांक-24: 158 साल पुराने खेरमाई मंदिर तक का विकास नहीं कर पाया नगर निगम

पाइपलाइन से नहीं आता पानी, नाले पर कब्जा, बजबजा रही नालियां

3 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

Jun 01, 2018

Satna Nagar Nigam Ward No. 24 news in hindi

Satna Nagar Nigam Ward No. 24 news in hindi

सतना। वार्ड क्रमांक-24 यानी अशोक वार्ड में खेरमाई रोड पर सन 1860 से स्थापित खेरमाई मंदिर का आज भी विकास नहीं हो पाया है। 158 वर्ष पुराना मंदिर लोगों की अस्था का केंद्र बना है। एक कुंड की सफाई और पानी की व्यवस्था करने में निगम प्रशासन कामयाब नहीं हुआ। जबकि इस मंदिर को संवारने में 18 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैैं। विधायक निधि से एक मर्तबा 11.50 लाख तो दूसरी बार में 2.85 लाख खर्च किया गया।

तीन लाख 75 हजार की लागत से निगम प्रशासन ने फव्वारे का कार्य कराया। इतना फंड खर्च करने के बाद भी यह प्रमुख मंदिर कई सुविधाओं से वंचित है। एक बार शहर सरकार फिर 16 लाख 85 हजार रुपए के कार्यों को मंजूरी दे चुकी है। अब इस फंड से मंदिर प्रांगण कितना विकसित होता है, यह काम होने के बाद स्पष्ट होगा।

नाले पर अतिक्रमण
वार्ड क्रमांक-24 के बीच से शहर का प्रमुख खेरमाई नाला गुजरता है। यह भरहुत नगर से लेकर नजीराबाद तक जाता है। निगम प्रशासन द्वारा नाले का शत प्रतिशत अतिक्रमण हटाने का दावा किया जाता रहा है पर स्थानीय पार्षद पुष्पराज कुशवाहा ने इस दावे को खोखला बताया। उनका आरोप है, अभी भी 30 फीसदी नाला अतिक्रमण की जद में है। कई स्पॉट ऐसे हैं जहां नाले पर वाहन खड़ा करने का यार्ड बना दिया गया।

ये भी समस्याएं
- नई पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कें छलनी कर दी गई हैं। पानी भी नहीं मिला। चार माह पहले बनी पुलिया भी क्षतिग्रस्त कर दी।
- जीवन ज्योति कॉलोनी के घरों का गंदा पानी रीवा रोड नाले में गिरता है। लेकिन फ्लाइओवर निर्माण कंपनी ने नाली पैक कर दिया है।
- इसी प्रकार रीवा रोड पर बने बारात घर का गंदा पानी व भोजन गलियों में फेंका जाता है। इससे उठने वाली दुर्गंध से जीना दुश्वार है।

फैक्ट फाइल
- वार्ड-24
- नाम- अशोक वार्ड
- क्षेत्र- खेरमाई रोड, जीवन ज्योति, कृष्ण नगर, मुरली भवन, सेमरिया चौक का चौथाई हिस्सा
- जनसंख्या- 7145
- अजा जनसंख्या- 72
- अजजा जंनसख्या- 12
- मतदाता- 5368
- पुरुष- 2777
- महिला- 2591

पेयजल समस्या गंभीर है। वार्ड में पाइपलाइन डाले जाने के बाद भी आम जनता परेशान है। लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। नाली की सफाई नहीं होती है।
राज कुमार द्विवेदी

पुराने खेरमाई मंदिर में बाउंड्रीवॉल नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व घुसते है। नालियों की सफाई नहीं होती है। मंदिर की बावली की सफाई होना अति आवश्यक है।
रामदुलारी चौरसिया

पेयजल समस्या के चलते सभी परेशान हंै। पुरानी पाइपलाइन से पानी नहीं आ रहा है। बोरिंग सूखी हुई है। टैंकर से पेयजल की सप्लाई हो रही है।
केशव प्रसाद कुशवाहा

नल से पानी बहुत धीमा आता है। पानी के प्रेशर को जब तक नहीं बढ़ाया जाएगा पेयजल समस्या बनी रहेगी। हर कोई पेयजल का लेकर परेशान है।
नानु नेमा

नालियों की सफाई न होने से हर कोई परेशान है। वार्ड में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई ध्यान देने वाला नहीं है। नलों में गंदा पानी कभी-कभी आता है।
सावित्री देवी

नई पाइपलाइन डाले जाने पर नालियों को तोड़ दिया है। इस कारण नालियां भसक गई हैं। नालियों का पानी आगे नहीं जा रहा है। गंदगी बढ़ी है।
रवि केशरी

खेरमाई मंदिर के पास से गुजरने वाले नाले के आसपास कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। कई बार शिकायत हुई, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ है। बरसात में दिक्कत बढ़ जाती है।
संतोष साहू

सड़कें टूटी हैं। उनकी मरम्मत होने के जरूरत है। नालियां पुरानी क्षतिग्रस्त हैं। उनका सुधार नहीं हो रहा है। पाइपलाइन का पानी अभी तक हमारे घर नहीं पहुंचा है।
राज किशोर पासी

सफाईकर्मी कभी कभार आते है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण सभी परेशान है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।
सुषमा पाल

प्रमुख खेरमाई नाले पर अभी भी 30 फीसदी अतिक्रमण है। मंदिर भी अब तक पूरी तरह से विकसित नहीं किया जा सका। पानी तो ठेका कंपनी ने दिया नहीं, सड़क-पुलिया तोड़कर गायब है। निगम में कोई सुनने को तैयार नहीं है।
पुष्पराज कुशवाहा, पार्षद