
Satna police expose in Tikuriya Tola murder case
सतना। कोलगवां थाना इलाके के टिकुरिया टोला में बीते चार मई को बंद मकान से जिस महिला का शव बरामद किया गया था उसकी हत्या २ मई को की गई थी। महिला को उसके पति ने ही मौत के घाट उतार दिया था। शव मिलने के 20 दिन बाद आरोपी पति उद्रमणि नामदेव उर्फ रुद्रमणि उर्फ राजू उर्फ दारोगा पिता शंकर (38) पुलिस की गिरफ्त में आया है। कोलगवां पुलिस आरोपी को रीवा से सीजेएम प्रोटेक्शन वारंट के तहत सतना लेकर पहुंची है। पूछताछ में आरोपी ने गुनाह कबूल करते हुए हत्या की जो वजह पुलिस को बताई वह चौंकाने वाली है।
क्या बताया आरोपी ने
आरोपी ने बताया, पत्नी रानी नामदेव आए दिन झगड़ा व मारपीट करती थी। मना करने के बावजूद वह पार्क घूमने जाती थी। 2 मई को भी वह पार्क जाने की तैयारी कर रही थी। पति राजू उस दौरान सो रहा था। रानी ने उसे लात मारकर उठाया। पत्नी के लात मारने से बौखलाया पति मारपीट करने लगा। दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। उसी दौरान राजू ने कैंची उठाकर पत्नी की गर्दन में घोंप दी। कैंची के वार से महिला छटपटाते हुए जमीन पर गिरी। आरोपी पति ने महिला को गद्दे से मूंद दिया और मकान में ताला जड़ बच्चे को लेकर फरार हो गया।
पिता ने ही की मां की हत्या
पति ने जिस वक्त अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा था उस दौरान उसका दस वर्षीय बेटा घर में ही सो रहा था। आरोपी अपने बेटे को मारुतीनगर में रहने वाली बहन के यहां छोड़ कर फरार हो गया था। मामले की तहकीकात के दौरान कोलगवां पुलिस जब आरोपी के रीवा स्थित परिजन के घर पहुंची थी तब उसका पुत्र वहीं मिला था। पूछताछ में पुत्र ने बताया था कि उसके पिता ने ही मां की हत्या की है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंची को जब्तकर लिया है।
यह है पूरा मामला
टिकुरिया टोला में शिवकुमार सिंह के मकान में किराए से कमरा लेकर पति व बेटे के साथ रहने वाली ३५ वर्षीय रानी नामदेव का शव 4 मई को बरामद किया गया था। शव तीन-चार दिन पुराना होकर सडऩे लगा था। इससे आसपास के लोगों ने तेज दुर्गंध आने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। महिला का शव जिस मकान से बरामद हुआ था उसमें तीन-चार दिनों से ताला लगा हुआ था।
राजू नामदेव बच्चे को लेकर फरार
उसके पति व बच्चे भी गायब थे। मौके पर पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर ने नामदेव दंपती के मकान मालिक व पड़ोसियों से पूछताछ की थी तब यह पता चला था कि मृतका व उसके पति के बीच अक्सर झगड़े होते थे। शव मिलने के बाद से ही पुलिस को यह अंदेशा था कि महिला की हत्या के बाद पति राजू नामदेव बच्चे को लेकर फरार हो गया है।
पहली शादी के मामले में गिरफ्तारी वारंट
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी राजू नामदेव काफी शातिर है। पत्नी की हत्या के बाद वह शव को भी ठिकाने लगाने की फिराक में था। पर, अपने मंसूबों पर कामयाब नहीं हो पाया। हत्या के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए यहां-वहां फरारी काटता रहा। जैसे ही कोलगवां पुलिस का दबाव बढ़ा उसने रीवा कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतका रानी आरोपी राजू नामदेव की दूसरी पत्नी थी।
बीते हफ्ते रीवा में सरेंडर किया
राजू की पहली शादी रीवा के गोरगांव निवासी बुद्धसेन की बेटी से हुई थी। लेकिन, पति-पत्नी में आए विवाद के चलते दोनों अलग रहने लगे थे। पहली पत्नी ने राजू के खिलाफ थाने में शिकायत की थी और इसी मामले में उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट था। दूसरी पत्नी की हत्या के बाद कोलगवां पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी राजू ने बीते हफ्ते रीवा में सरेंडर किया था।
Published on:
25 May 2018, 5:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.