जागरुकता से ही मिट सकता है एड्स, विश्व एड्स दिवस मनाया
सवाईमाधोपुर. जिले भर में शनिवार को विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक संस्थाओं व स्वास्थ्य विभाग की ओर से संगोष्ठी आदि कई कार्यक्रम हुए। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बजरिया में विशेषज्ञों ने कार्मिकों व लोगों को एड्स के लक्षणों व बचावों के बारे में जानकारी दी। हेल्थ मैनेजर विनोद शर्मा संस्था के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एड्स के प्रति लोगों को जागरुक करने व एड्स रोगियों के प्रति भेदभाव नहीं करने की शपथ दिलाई।
इसी क्रम में शहर की विनोबा कच्ची बस्ती अतिसंवेदनशील क्षेत्र में शहरी स्वास्थ्य मिशन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों के अन्तर्गत अधिकारियों एवं आशा सहयोगिनी उषा झा द्वारा विष्व एडस दिवस के दौरान निरोध, एवं परिवार कल्याण की सामग्री वितरित की गई एवं कच्ची बस्ती में एडस के लक्षण एवं बचाव के बारे में बताया गया । डॉ0 संदीप शर्मा चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने एचआईवी के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला उन्होने बताया कि उचित खान-पान एवं नियमित दिनचर्या से ताजे फल एवं ताजी सब्जियां खाने से एवं नियमित आसन प्रणायाम करने से सभी रोग ठीक होते है एवं एचआईवी एडस की चिकित्सा में भी इससे बहतु लाभ होता है।
राजकीय कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाईयों के संयुक्त तत्वावधान जागरुकता रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्या मनीषा शर्मा ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय सिंह मावई ने बताया कि रैली विभिन्न मार्गो से होकर पुन: महाविद्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने छात्राओं को एड्स के लक्षणों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान डॉ. रविन्द्र मीणा, सियाराम मीणा आदि मौजूद थे।
इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय खण्डार में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में संगोष्ठी हुई। प्राचार्य ने बताया कि एनएसएस अधिकारी रामजीलाल मीणा ने एड्स की रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। इस दौरान जितेन्द्र यादव, आशीष टांक आदि मौजूद थे।