सवाई माधोपुर

सवाईमाधोपुर : नहीं आए गृहमंत्री अमित शाह, धरी रह गई तैयारियां, जानें क्या रहा कारण

केन्द्रीय गृहमंत्री अमितशाह का सवाईमाधोपुर दौरा मंगलवार को आखिरी समय पर अनिवार्य कारणों के चलते स्थगित हो गया। ऐसे में एक बार फिर से भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से की गई तमाम तैयारियां धरी की धरी रह गई।

2 min read

सवाईमाधोपुर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमितशाह का सवाईमाधोपुर दौरा मंगलवार को आखिरी समय पर अनिवार्य कारणों के चलते स्थगित हो गया। ऐसे में एक बार फिर से भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से की गई तमाम तैयारियां धरी की धरी रह गई। गौरतलब है कि पूर्व में अमित शाह का 20 नवम्बर को सवाईमाधोपुर दौरा प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसमें बदलाव करके इसको 21 नवम्बर किया गया था, लेकिन अब यह एक बार फिर से स्थगित हो गया है।

गाड़ी से हवाई पट्टी पहुंचे भाजपा प्रत्याशी, फिर पैदल ही हुए रवाना
पूर्व में केन्द्रीय गृहमंत्री का विमान से चकचैनपुरा हवाईपट्टी पर शाम करीब पौने पांच बजे पहुंचने का कार्यक्रम था। अमित शाह करीब पांच बजकर 20 मिनट तक भी नहीं पहुंचे। वहीं अमित शाह के रोड शो के लिए भाजपा का रथ जहां तैयार खड़ा था, वहीं कार्यकर्ताओं की भीड़ चकचैनपुरा हवाई पट्टी, पुरान ट्रक यूनियन सहित जगह-जगह जमा थी। शाम 5 बजकर 21 मिनट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. किरोडीलाल भी चकचैनपुरा हवाई पट्टी के सामने पहुंचे। इस दौरान केन्द्रीय गृहमंत्री के दौरा स्थगित होने की सूचना मिली तो वे भी हवाई पट्टी से पैदल ही जुलूस के रूप में रवाना हो गए।

रथ में बैठ ही निकाला रोड शो
अमित शाह के नहीं आने पर डॉ. किरोडीलाल ट्रक यूनियन तक पैदल आए। इसके बाद वे यहां से केंद्रीय गृहमंत्री के लिए तैयार रथ में सवार हो गए और फिर समर्थकों के साथ रोड शो किया। रोड शो में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

जगह जगह पोस्टर व कट आउट लगवाए थे
शाह के सवाईमाधोपुर दौरे के लिए भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की ओर से कई प्रकार की तैयारियां की गई थी। भाजपा ने रोड शो के रूट मैप के मार्ग पर जगह- जगह केन्द्रीय गृहमंत्री के पोस्टर व कट आउट लगवाए थे। इसके अलावा सडक़ों पर जगह-जगह भगवा रंग व ओम नाम की झण्डियां भी लगाई गई थी। इसके साथ मार्ग में विभिन्न स्थानों पर उनके स्वागत के लिए द्वार बनाए गए थे। इसके साथ रोड शो के दौरान पुष्पवर्षा के लिए फूलों का भी प्रबंध किया गया था। लेकिन आखिरी समय पर दौरे के स्थगित होने के कारण सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई।

Also Read
View All

अगली खबर