
सवाईमाधोपुर कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपते लोग।
सवाई माधोपुर. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छता की अलख जगाने वाले कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं ने बताया कि पूर्व में करीब चार पांच महीने तक स्वच्छ भारत मिशन के तहत उन्हें रोजाना रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा था,
लेकिन जिले के खुले में शौच मुक्त घोषित होने के बाद उन्हें रोजगार के लाले पड़ गए हैं। अब उनसे प्रशासन की ओर से सर्वे कार्य नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में आर्थिक संकट स जूझ रहे है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं मुख्यमंत्री से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। इससे पूर्व सभी कार्यकर्ता महावीर पार्क में एकत्र हुए, वहां से कलक्ट्रेट तक रैली के रूप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन किया।
आगामी कार्यकारिणी चुनाव पर चर्चा
सवाईमाधोपुर. पद््मावती पोरवाल युवा संघ क्षेत्र के कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जैन की अध्यक्षता में हुई। युवा संघ के सहमंत्री जितेन्द्र जैन ने बताया कि बैठक में आगामी कार्यकारिणी चुनावों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल 12 जुलाई को पूरा होने जा रहा है। बैठक में चुनाव रणनीति बनाने एवं युवा संघ के स्थायी कार्यालय निर्माण पर चर्चा की। युवा संघ के महामंत्री गोपाल जैन ने तीन वर्ष के कार्यकाल के कार्यो पर जानकारी दी। कोषाध्यक्ष नीरज जैन ने आय-व्यय का हिसाब प्रस्तुत किया।
ऋण के लिए आवेदन 20 जून तक
सवाईमाधोपुर. नगर परिषद कार्यालय में स्वरोजगार घटक के तहत ऋण के लिए 20 जून तक आवेदन मांगे गए है। योजना के स्वरोजगार घटक के तहत व्यक्तिगत ऋण के लिए दो लाख रुपए एवं सामूहिक ऋण के लिए 10 लाख रुपए तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है। जिला परियोजना अधिकारी नगर परिषद एचआर मीना ने बताया कि योजना के तहत नगर परिषद के शहरी क्षेत्र के शहरी बीपीएल, अन्त्योदया योजना के लाभार्थी एवं ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपए से कम है, वे सभी ऋण के लिए नगर परिषद के कमरा नम्बर 15 में आवेदन कर सकते हैं।
सामूहिक अवकाश पर पंचायत कर्मचारी, कार्य ठप
चौथ का बरवाड़ा. राजस्थान पंचायतराज सेवा परिषद के तत्वावधान में सोमवार को पंचायत समिति कार्यालय के पंचायत अधिकारी सरकार के साथ लिखित समझौते की लम्बित मांगों को लेकर विकास अधिकारी बृजलाल मीना को ज्ञापन सौंप कर 23 मई तक सामूहिक अवकाश पर है। इस दौरान सोमवार को पंचायतों के कार्य ठप रहे है। लोग अपने कार्य को लेकर ग्राम पंचायत पहुंचे, लेकिन वापस लौटते दिखे।
प्रदर्शन आज
बौंली. ग्राम पंचायत बांस-टोरङा में शराब की दुकान को हटाने के लिए समस्त ग्रामवासियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पूर्व में 21 मई तक शराब की दुकान हटाने के लिए मांग की थी।
Published on:
23 May 2018 03:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
