सवाईमाधोपुर. राजस्थान में युवाओं को उनकी प्रतिभाओं को निखारने का मौका देने, राज्य की दुलर्भ एवं लुप्त कलां, संस्कृति के संवर्धन, सरंक्षण के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान युवा बोर्ड, युवा मामले एवं खेल विभाग की ओर से मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव का शुभारंभ आलनपुर स्थित एक मैरिज गार्डन में हुआ। कार्यक्रम में जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला, युवा बोर्ड के सदस्य सुनील शर्मा, युवा महोत्सव समन्वयक पवन बडग़ोतिया एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द प्रसाद बंसल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्यमंत्री सलाहकार एवं विधायक दानिश अबरार ने कहा कि जो इन प्रतियोगिताओं में जीतेगा वो राज्य स्तर पर जयपुर में होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेगा लेकिन वे इन प्रतियोगिताओं में हारने वाले उन सभी प्रतिभागियों का साथ देते रहेंगे, जब तक की वे विजेता नहीं बन जाते। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के विकास कार्यों व उपलब्धियों को गिनाया। अध्यक्षता कर रहे जिला कलक्टर ने कहा कि प्रदेश भर में युवा महोत्सव का आयोजन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं की विजेता टीमे जिला स्तर पर आयोजित युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभा का अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। जिला स्तर पर विजेता टीमे राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से शहर के साथ-साथ दूरराज की ग्रामीण प्रतिभाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद बंसल ने कहा कि सात ब्लॉकों पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाएं दो दिवसीय जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव में अपनी प्रतिभाएं दिखा रही हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली 15 से 29 साल के युवा कलाकारों की खोज कर उन्हें प्रशिक्षण और सुविधा मुहैया करवाकर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्हें स्वावलंबन बनाना है। जिला समन्वयक चन्द्रशेखर जैमिनी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव के दौरान सामूहिक लोक नृत्य,लोक गायन, शास्त्रीय नृत्य,एकल शास्त्रीय गायन,नाटक, आशु भाषण, समूह चर्चा, स्लोगन, कविता लेखन, शास्त्रीय वाद्य यंत्र, योगा आदि हो रहे है। उप जिला प्रमुख बाबूलाल मीना,पंचायत समिति चौथ का बरवाड़ा प्रधान सम्पत पहाडिय़ा, पंचायत समिति सदस्य संजय बैरवा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नाथूलाल खटीकए जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक गोविंद दीक्षितए जिला खेल अधिकारी मीनू सोलंकी, नेहरू युवा केन्द्र के युवा अधिकारी हर्षित खण्डेलवाल, सहायक नोडल अधिकारी एजाज सहित कई मौजूद थे।