सवाईमाधोपुर. विप्र फाउंडेशन ने सांस्कृतिक प्रदूषण फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के लिए देशव्यापी रामायण पूजन और हनुमान चालीसा पाठ का एक ही समय पर पूरे देश में आयोजन किया। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि देशव्यापी आयोजन के तहत विप्र फाउंडेशन ने जिला मुख्यालय पर पटेल नगर स्थित हनुमान मंदिर में, मलारना डूंगर में छतरी वाले बालाजी और बौली मे बालाजी मंदिर प्रांगण में सर्वसमाज के बंधुओ को साथ लेकर रामायण पूजन कर सामुहिक हनुमान चालीसा पाठ किया और देश में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर नगर महामंत्री गजेन्द्र भारद्वाज,युवा प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष रजत भारद्वाज, मीडिया प्रमुख अजय गौतम, केशव शर्मा, योगेश शर्मा आदि मौजूद थे।
चिंताओं को दूर करने के लिए किया प्रेरित
सवाईमाधोपुर. शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को विश्व चिन्तन दिवस मनाया। प्राचार्य डॉ. दिनेश चन्द शर्मा ने विश्व चिन्तन दिवस की अध्यक्षता करते हुए बताया कि यह दिन दुनिया भर में भाई-बहनों की बारे में सोचने एवं उनकी समस्याओं और चिन्ताओं को दूर करने का दिवस है। मुख्य वक्ता डॉ. हनुमान प्रसाद मीना ने बताया कि इस दिन को मनाने की वजह लड़कियों के बीच सिस्टरहुड और महिला सशक्तिकरण को को बढ़ाने की कोशिश है। रामलाल बैरवा ने भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरिचरण मीना ने विश्व चिन्तन दिवस पर जानकारी दी।
श्रद्धालुओ का जत्था आज होगा रवाना
सवाईमाधोपुर. भागवत सेवा समिति के तत्वावधान में 25 फरवरी से सोलापुर जिले मे चन्द्रभागा नदी के तट पर स्थित तीर्थ नगरी पंढरपुर में विठठल भगवान की प्रकटस्थली में दिव्य कथा का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले से करीब 125 लोग गुरुवार सुबह 10 बजे यहां से रवाना होंगे। यह जानकारी भागवत कथा समिति के मंत्री विष्णु अग्रवाल ने दी।