सवाईमाधोपुर. अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में नींदरडदा के सर्व समाज के ग्रामीणों ने स्कूल के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसान सभा जिला अध्यक्ष कानजी मीणा ने बताया कि जिले की स्कूल,कॉलेज, छात्रावास व सरकारी संपत्ति खेल मैदानों से असामाजिक तत्वों ने अतिक्रमण कर लिया है। ऐसे में ग्रामीण ओलंपिक खेलों के लिए खेल मैदानों का अभाव हो रहा है। इस मौके पर किसान सभा जिला सचिव कालूराम मीणा,ब्लॉक अध्यक्ष विजय राम मीणा, जिला अध्यक्ष भरत लाल मीणा, महिला फेडरेशन शबनम बानो, रईस अहमद, अंसारी पप्पू लाल, किरोड़ी लाल मीणा आदि मौजूद थे।
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस की कार्रवाई शुरू
सवाईमाधोपुर. जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देशन में जिला हाजा में आपराधिक प्रवृति के लोगों पर अंकुश लगाने तथा आगामी त्योहारों गणेश चतुर्थी मेला को मद््देनजर रखते हुए जिले में शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक नाकाबन्दी का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुरसिटी प्रकाशचन्द, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली सीताराम प्रजापत एवं वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में जिले के थानाधिकारियों के नेतृत्व में उनके थाना क्षेत्र में नाकाबन्दी पोईन्ट लगाकर नाकाबन्दी करवाई जा रही है। इस दौरान कार्रवाई करते हुए सभी थानो में कुल 206 एमवीएक्ट में 41 कार्रवाई, 207 एमवीएक्ट में 11 कार्रवाई तथा 185 एमवीएक्ट में एक कार्रवाई की गई। नाकाबन्दी के दौरान 22 पुलिस मित्र रहे उपस्थित।
भागवत कथा में भाग लेने जाएंगे अयोध्या
सवाईमाधोपुर. भागवत सेवा समिति की आगामी भागवत कथा राम जन्मभूमि अयोध्या मे होगी । भागवत सेवा समिति के अध्यक्ष राजन लाल शर्मा ने बताया कि 6 अगस्त को भागवत कथा में भाग लेने श्रद्धालुओं का समूह कोटा-पटना ट्रेन से अयोध्या रवाना होगा। वहां 8 अगस्त से 14 अगस्त तक भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ होगा। इसमें आचार्य अशोक गौतम कथा का वाचन करेंगे।