
रेतीली जमीन पर प्लास्टिक फॉर्म पॉण्ड का नया प्रयोग, नहीं रिसेगा पानी
रेतीली जमीन पर प्लास्टिक फॉर्म पॉण्ड का नया प्रयोग, नहीं रिसेगा पानी
कृषि अधिकारियों के लिए बनी थी चुनौती
सवाईमाधोपुर जिले में गंगापुरसिटी के समीपवर्ती सलेमपुर गांव में रेतीली जमीन पर प्लास्टिक लाइन फॉर्म पॉण्ड बनाया गया है। इससे अब जमीन में पानी नहीं रिसेगा। साथ ही बारिश में जल का संरक्षण किया जा सकेगा। रेतीले क्षेत्र में फॉर्म पॉण्ड बनाना कृषि अधिकारियों के लिए पिछले दो साल से चुनौती था। गंगापुरसिटी कृषि विभाग के अधीन करीब दो दर्जन गांव हैं, जिनमें जमीन रेतीली है। पानी की कमी के कारण सिंचाई बारिश के जल पर भी निर्भर रहती है। सरकार ने रेतीली क्षेत्र वाले किसानों की समस्या को देखते हुए दो वर्ष पहले प्लास्टिक लाइन फॉर्म पॉण्ड बनाने के लक्ष्य दिए, लेकिन किसानों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। इससे विभागीय अधिकारी भी हार मान गए। लेकिन नए सहायक कृषि अधिकारी पिन्टू मीना ने इसे चुनौती के रूप में लिया और लगातार किसानों को प्रेरित करते रहे। नतीजा यह निकला कि समीपवर्ती सलेमपुर (एएओ गंगापुर पश्चिम ) गांव में किसान रामसहाय ने यह फॉर्म पॉण्ड बनवाया।
ऐसे बनता है प्लास्टिक फॉर्म पॉण्ड
सहायक कृषि अधिकारी पिन्टू मीना ने बताया कि इसके लिए बीस गुना बीस मीटर की लम्बाई-चौड़ाई तथा तीन मीटर गहराई चाहिए। इसमें प्लास्टिक पॉलीथिन बिछाई जाती है। जो कम से कम 300 माइक्रोन की होती है। इससे बारिश का पानी जमीन में नहीं जाता है। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से 1 लाख 5 हजार रुपए तक का अनुदान भी दिया जाता है। आवेदन के लिए 0.3 हैक्टेयर जमीन और खेत का नक्शा-ट्रेस तथा जनाधार कार्ड में मोबाइल नम्बर और बैंक अकाउंट का अपडेट होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह पोण्ड बनाने के लिए अधिकारियों के निर्देशन में सितंबर-अक्टूबर माह में किसानों से सम्पर्क कर शॉर्टलिस्ट किया। लगातार उनसे संपर्क कर वे तथा कृषि पर्यवेक्षक अमित गुर्जर एवं प्रकाशी गुर्जर प्रेरित करते रहे।
मछली पालन की भी अनुमति, बढ़ा सकेंगे आय
मीना ने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से फार्म पोण्ड में मछली पालन करने की अनुमति भी प्रदान की है। जबकि पहले मछली पालन करने पर सम्बंधित कर्मचारी के साथ ही किसानों पर भी कार्रवाई का प्रावधान था।
Published on:
18 Feb 2023 11:15 am

बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
