
प्राचार्य ने लिखा कॉलेज में बढ़ें विषय
गंगापुरसिटी . शहर के राजकीय महाविद्यालय में महत्वपूर्ण विषयों की कमी के चलते विद्यार्थी पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में पलायन को मजबूर विद्यार्थियों की पत्रिका आवाज बन रही है। पत्रिका की ओर से कॉलेज में विषय बढ़ाने की मांग के उठाए गए मुद्दे के बाद कॉलेज प्राचार्य ने अब आयुक्तालय को पत्र लिखकर कॉलेज में विषय बढ़ाने की बात रखी है।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर में नए विषय संचालित किए जाने के लिए छात्र-छात्राएं लंबे समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन कमजोर राजनीतिक एवं प्रशासनिक इच्छा शक्ति के चलते विद्यार्थियों की ये महती मांग अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। विद्यार्थियों की परेशानी एवं मांग के समर्थन में पत्रिका ने अपने समाचार पत्र में यूजी एवं पीजी में नए विषय खोलने के लिए अभियान के रूप में समाचार प्रकाशित किए।
इसके बाद विद्यार्थियों ने छात्रसंघ महासचिव दीपक कुमार मीना के नेतृत्व में उच्च शिक्षा मंत्री के नाम प्राचार्य प्रो. बी.एस. मीना को ज्ञापन सौंपकर मांगों को दोहराया। अब प्राचार्य मीना ने आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा को पत्र लिखकर विद्यार्थियों की मांगों से अवगत कराया।
जनप्रतिनिधि ने भी जताई प्रतिबद्धता
पत्रिका की ओर से शुरू की गई मुहिम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावक, शहर के बुद्धिजीवी, समाज सेवी, कॉलेज विकास समिति सदस्य एवं तत्कालीन प्राचार्य सभी ने कॉलेज में नए विषय संचालित किए जाने की बात रखी। साथ ही वर्तमान विधायक रामकेश मीना ने राज्य सरकार के आगामी बजट में कॉलेज को क्रमोन्नत कराने एवं अन्य सुविधाएं विकसित कराने की प्रतिबद्धता जाहिर की है।
इन विषयों की मांग
प्राचार्य प्रो. मीना ने आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा को पत्र लिखकर अवगत कराया कि कॉलेज में स्नातकोत्तर स्तर पर एमएससी में रसायन शास्त्र, एमए में हिन्दी एवं स्नातक में भूगोल विषय की काफी महती आवश्यकता है। इनके संंचालन से विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च अध्ययन की सुविधा मिलेगी।
Published on:
13 Feb 2020 07:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
