सवाईमाधोपुर.रणथम्भौर में एक जुलाई से तीस सितम्बर तक मुख्य जोन(एक से पांच) में तो वर्षा काल के चलते पर्यटन गतिविधियां पूरी तरह से बंद है। लेकिन बाहरी जोन (छह से दस) में पर्यटन गतिविधियां लगातार जारी है। ऐसे में ऑफ सीजन के दौरान भी रणथम्भौर में पर्यटकों की आवक लगातार जारी है। इस बात की गवाही वन विभाग के आंकड़े भी दे रहे हैं। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ऑफ सीजन के अब तक के ढाई माह में रणथम्भौर के बाहरी जोनों में 35 हजार से अधिक पर्यटक पार्क भ्रमण पर जा चुके हैं।
वन विभाग को हो रही आय
ऑफ सीजन में भी रणथम्भौर में लगातार पर्यटकों की आवक होने से ढाई माह में विभाग को करीब 50 लाख की आय हो चुकी है। अभी ऑफ सीजन के करीब 10 दिन शेष है। ऐसे में अभी पर्यटकों की आवक और वन विभाग की आय में और अधिक इजाफा होने के आसार है।
बाहरी जोनों में बढ़ी बाघ- बाघिनों की पदचाप
वन अधिकारियों की माने तो पूर्व में रणथम्भौर के बाहरी जोनों में अधिक बाघ-बाघिन का मूवमेंट नहीं रहता था लेकिन पिछले कुछ सालों में रणथम्भौर में बाघ बाघिनों की तादाद में बहुत इजाफा हो गया हैऔर विभाग के प्रयासों के कारण रणथम्भौर के बाहरी जोनों का ग्रासलैण्ड भी विकसित हो गया है। ऐसे में अब बाहरी जोनों में भी बाघ बाघिनों को अपेक्षाकृत बेहतर पर्यावास उपलब्ध हो रहा है। ऐसे में बाहरी जोनो में बाघ बाघिन की संख्या बढ़़ी है। साथ ही भ्रमण पर जाने वाले पर्यटकों को भी पहले की तुलना में बाहरी जोनों में बाघ बाघिनों के अधिक दीदार हो रहे हैं।
लोगों को मिल रहा रोजगार
ऑफ सीजन में लगातार बाहरी जोनों में भ्रमण के लिए पर्यटकों के रणथम्भौर आने के कारण रणथम्भौर के ईडीसी गाइड, वाहन मालिक, चालक आदि लोगों को ऑफ सीजन में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हो पा रहे हैं। रणथम्भौर जंगल सफारी व्हीकल ऑनर्स यूनियन के उपाध्यक्ष इकरामुदीनखान ने बताया कि रणथम्भौर में वर्तमान में 555 पर्यटन वाहन है। इनमें से 286 कैंटर व 269 जिप्सियां है। ऑफ सीजन में अब तक हर जिप्सी व कैंटर के कम से कम तीन राउण्ड पार्क भ्रमण के हो चुके हैं।
एक नजर में ऑफ सीजन का पर्यटन…
6-10 बाहरी जोनों में होता है पर्यटन
7 व 9 जोन में रास्ते खराब होने के कारण बंद है पर्यटन
35 हजार से अधिक पर्यटकों ने अब तक किया पार्क भ्रमण
555 पर्यटन वाहन है रणथम्भौर में
3-3 राउण्ड हरर पर्यटन वाहन के कम से कम हो चुके हैं ऑफ सीजन में अब तक
इनका कहना है…
रणथम्भौर में ऑफ सीजन के दौरान बाहरी जोनों में पर्यटन हो रहा है।अब तक 35 हजार के करीब पर्यटकों ने पार्क भ्रमण किया है। यह पर्यटन के लिहाज से सुखद है।
– संदीप चौधरी,उपवन संरक्षक(पर्यटन), रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाईमाधोपुर।