सवाई माधोपुर/सूरवाल. जिले में संचालित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर दवाइयों की कमी न हो, इसके लिए सरकार ने 1 करोड़ 32 लाख का बजट जारी किया था और सीएमएचओ को सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर शीघ्र दवाइयां उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए थे लेकिन यह बजट लंबे समय तक ठंडे बस्ते में ही पड़ा रहा। पत्रिका ने जब इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया तो सीएमएचओ ने बीते दिनों आनन-फानन में सभी स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारियों को बजट की जानकारी का पत्र जारी कर शीघ्र दवाइयां खरीदने के निर्देश दिए। खास बात है कि सरकार से बजट जारी होने के ढाई माह बाद भी स्वास्थ्य केन्द्रों पर खांसी, जुकाम जैसी दवाइयों की कमी बनी है। इससे रोगियों को परेशान होना पड़ रहा है।
जांच-पड़ताल की तो सच्चाई आई सामने
उल्लेखनीय है कि जिले में संचालित स्वास्थ्य केन्द्रों पर रोगियों को दवाइयों की पूरी सुविधा मिले, इसके लिए सरकार समय-समय पर करोड़ों रुपए का बजट जारी करती है। इस वित्तीय वर्ष में भी दिसंबर में सरकार से 1 करोड़ 32 लाख रुपए का बजट जारी किया था। साथ ही सीमएचओ को स्वास्थ्य केन्द्रों पर पूरी दवाइयां मुहैया करवाने के निर्देश थे लेकिन यह बजट लंबे समय तक ठंडे बस्ते में ही पड़ा रहा। राजस्थान पत्रिका ने जब इस मामले की जांच-पड़ताल की तो हकीकत सामने आई कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर दवाइयों की खरीद के लिए इस बजट का अब तक कोई उपयोग ही नहीं हो पाया। ऐसे में इस मुद््दे को प्रमुखता से उठाया तो सीएमएचओ हरकत में आया और तत्काल सरकार से जारी बजट का पत्र स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारियों को भेज दिया। इतना ही नहीं, जो बजट ढाई माह तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। उसी बजट से अब वित्तीय वर्ष पूरा होने से पहले शीघ्र दवाइयां खरीदने के स्वास्थ्य केन्द्रों को निर्देश जारी कर दिए।