-समय पर कार्यालय पहुंचने के दिए निर्देश
सवाईमाधोपुर. नगरपरिषद सभापति राजबाई बैरवा ने शुक्रवार को कार्यालय में देरी से आने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान देरी से आने वाले कार्मिकों को फटकार भी लगाई।
कर्मचारियों की स्थिति जानने के लिए सभापति सुबह कार्यालय समय पर नगर परिषद पहुंची और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। इस दौरान कई कर्मचारियों का समय से कार्यालय में नहीं पहुंचना पाया गया। इस पर सभापति ने लेट लतीफ आने वाले कर्मचारियों को कार्यालय में बुलाकर फटकार लगाई और समय पर आने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुक्त को ऐसे कर्मचारियों को विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। हालांकि कई कर्मचारियों की ड्यूटी फील्ड और कैंप में लगे होने से भी सभापति को अवगत कराया। इस पर सभापति ने अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश भी दिए। सभापति ने कहा कि कर्मचारियों को पुराना ढर्रा भूलकर अब जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। आमजन के सभी छोटे बड़े कार्य नगर परिषद कार्यालय से जुड़े हैं। इसके लिए वे कर्मचारियों के चक्कर काटते रहे है लेकिन कर्मचारी के समय पर कार्यालय में नहीं मिलने पर इधर-उधर भटकते रहते हैं। कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर आमजन के काम संपादित करने होंगे अन्यथा किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब यहां लगेंगे महंगाई राहत शिविर
सवाईमाधोपुर. नगर परिषद् में 1 एवं 2 जून को वार्ड नम्बर 26, 27 एवं 28 के महंगाई राहत कैम्पों का आयोजन निजामत शहर में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में 29 एवं 30 मई को सवाई माधोपुर की करमोदा,पांचोलास, चौथ का बरवाड़ा की जौला, बौंली की हथडौली, मलारना डूंगर की कुण्डली नदी, गंगापुर सिटी की नारायणपुर टटवाड़ा, वजीरपुर की पीलौदा, बामनवास की टुण्डिला,जहिरा एवं खण्डार की तलावड़ा में शिविर होंगे।