सवाईमाधोपुर. विधानसभा चुनाव को लेकर जहां एक ओर प्रत्येक बूथों पर मतदाताओं की लाइनें लगी रही और मतदाता उत्साहित दखे। वहीं जिला मुख्यालय पर बजरिया व शहर में बाजार बंद रहे। इक्का-दुक्का दुकाने को छोडकऱ शेष दुकाने बंद रही। ऐसे में बाजार में सूनापन नजर आया।
सुबह से ही बाजारों में दुकानें नहीं खुली। सार्वजनिक अवकाश होने के चलते व्यापारियों ने भी स्वैच्छा से अपने प्रतिष्ठान व दुकाने बंद रखी। हालांकि मेडिकल व दुध डेयरी खुली रही लेकिन किराणा दुकाने बंद रही। ऐसे में दुकानों पर जरूरी सामान लेने वाले ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
नहीं खुले दुकान व प्रतिष्ठान
व्यापार महासंघ के आह्वान पर व्यापारियों ने मतदान करने के लिए अपने दुकान व प्रतिष्ठान बंद रखे। बजरिया में मुख्य बाजार, चौथकाबरवाड़ा बस स्टैण्ड, जामा मस्जिद, टोंक रोड व शहर के मुख्य बाजार में दुकाने बंद नजर आई। बाजारों में मतदान का असर देखने को मिला। सुबह से मतदान के कारण बाजार नहीं खुले। चाहे मिठाई की दुकान हो या फिर परचून की दुकान हर दुकान बंद रही। हालांकि इस दौरान मेडिकल स्टोर खुले रहे। वहीं लोकतंत्र के महापर्व मतदान को लेकर क्षेत्र में देर शाम तक बाजार बंद रहे।
दौड़ते रहे वाहन, सडक़ों पर सूनापन
मतदान को लेकर सुबह सात बजे से ही जिला मुख्यालय पर बजरिया में सडक़ों पर सूनापन नजर आया। स्थिति ये रही कि सुबह 11 बजे तक तो मुख्य सडक़ मार्ग पर भी सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि इस दौरान सडक़ों पर वाहन जरूर दौड़ते दिखाई दिए। दूर-दूर तक सडक़ मार्ग सूने रहे।
कटले में बंद रही दुकाने
बजरिया में जहां गौतम आश्रम के पास मोबाइल कटले में अन्य दिनों में भीड़ भाड़ रहती थी, वहां शनिवार को सूनसान नजर आया। कटले व गौतम आश्रम के आसपास की सभी दुकाने बंद रही। ऐसे में मोबाइल ठीक कराने आए कई लोगों को परेशानी हुई।