सवाईमाधोपुर. देश-विदेश में राजस्थान का सवाईमाधोपुर जिला मीठे अमरूदों के नाम से मशहूर है। जिले के अमरूद की पहचान उसकी गुणवत्ता एवं स्वाद के कारण पूरे देश में बनी है। उधर, बारिश होने व सर्दी बढऩे के साथ ही अमरूदों में मिठासपन आ गया है। इससे अमरूदों के भाव में भी तेजी आई है। पूरे प्रदेश में सवाईमाधोपुर एकमात्र जिला है, जहां अमरूदों की बागवानी सर्वाधिक होती है। जिले में सर्वाधिक 75 प्रतिशत अमरूदों की बागवानी होती है।
जिले के अमरूदों की मिठास गांव-ढाणी व छोटे शहर ही नहीं बल्कि बड़े शहरों में भी प्रसिद्ध है। इन दिनों सवाईमाधोपुर के अमरूदों की मिठास महंगी है। खुदरा भाव 35 से 40 रुपए प्रतिकिलो है, तो थोक भाव भी 10 से 20 रुपए प्रतिकिलो तक है। अमरूद आसपास के गांवों से लदान होकर जयपुर, दिल्ली सहित अन्य राज्यों की मण्डियों में जा रहा है।
एक सप्ताह में बढ़े अमरूदों के दाम
करीब एक सप्ताह पहले अमरूदों के थोक भाव 8 से 12 रुपए किलो थे, जो सर्दी बढऩे के साथ ही अब 20 रुपए किलो तक पहुंच गए है। वहीं अमरूदों के खुदरा भाव एक सप्ताह पहले 25 से 30 रुपए किलो थे, जो अब बढकऱ 40 रुपए किलो तक पहुंच गए है।
खेतों से पहुंच रहे शहरों तक
जिले के अमरूदों की मिठास राजस्थान सहित नई दिल्ली तक प्रसिद्ध है। यहां के अमरूदों के दाम शहरों की मण्डियों में अन्य स्थानों के मुकाबले में मिठास अधिक होने से बढ़ गए है। शहरों के खरीदार सीधे किसानों से सम्पर्क कर रहे हैं। यहां के अमरूदों की सप्लाई जयपुर, दिल्ली, अमृतसर, पंजाब, हरियाणा एवं विभिन्न क्षेत्रों मेंं होती है। उधर, परंपरागत खेती की तुलना में किसानों को अमरूद बागवानी में चार गुणा तक लाभ मिल रहा है।
गोला व लखनऊ-49 किस्म की अधिक पैदावार
उद्यान विभाग के अनुसार अमरूदों के एक पेड़ पर करीब 40 से 70 किलो तक फल आते है। जिले में मुख्यत: गोला व लखनऊ-49 किस्म की पैदावार अधिक होती है। उधर, इस सीजन में करीब 1.50 लाख मीट्रिक टन का कारोबार होने की उम्मीद है।
जिले में यहां है अमरूदों के बगीचे
जिले में सूरवाल, करमोदा, दौंदरी, मथुरापुर, आटूनकलां, गुढ़ासी, शेरपुर-खिलचीपुर, श्यामपुरा, ओलवाड़ा, पढ़ाना, मैनपुरा, अजनोटी, भाड़ौती, सेलू, रावल, गंगापुरसिटी, बामनवास आदि स्थानों पर 15 हजार हैक्टेयर में किसानों ने अमरूद के बगीचे लगा रखे है। जिला मुख्यालय के आसपास के क्षेत्र रामसिंहपुरा, करमोदा,सूरवाल सहित कई गांव अमरूद की अच्छी पौध के लिए जाने जाते है।
……………………………
मांग बढऩे से बढ़े दाम
बारिश होने व सर्दी बढऩे से अमरूदों के दाम बढ़े है। इन दिनों अमरूदों के थोक भाव 20 रुपए किलो तक है, जबकि खुदरा भाव 40 रुपए किलो है। इन दिनों मांग बढऩे के साथ ही किसानों को अमरूदों के अच्छे दाम मिल रहे है।
चन्द्रप्रकाश बड़ाया, उपनिदेशक, उद्यान विभाग, सवाईमाधोपुर