आइआइटी हैदराबाद के निदेशक डॉ. यूबी देसाई ने बताया कि ये एक अलग तरह की प्रक्रिया है जिससे छात्रों को कुछ नया सीखने के साथ शोध की दुनिया में कुछ नया करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे बहुत उत्साहित हैं कि उनके संस्थान में इस तरह के ड्रोन का निर्माण होगा जिससे कई तरह की समस्याएं हल हो जाएंगी। माना जा रहा है कि यहां इस तरह के ड्रोन तैयार किए जाएंगे जिनकी मदद से 5-जी कम्युनिकेशन, कृषि, परिवहन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे। मालूम हो कि टेरा ड्रोन कंपनी औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े ड्रोन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है जो दुनिया के 20 देशों में है। कंपनी आइआइटी हैदराबाद के स्टूडेंट्स को प्रशिक्षित करने के लिए वर्कशॉप, सेमिनार, लेक्चर का आयोजन करेगी। साथ में इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत छात्रों को तकनीक के करीब लाएगी जिससे छात्र ड्रोन टेक्नोलॉजी को बेहतर ढंग से समझ सकें।