2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नहीं सुधरा पार्किंग व्यवस्था का ढर्रा, नागरिक उठा रहे हैं परेशानी

प्लान बनाया पर नहीं हो सका अमल

2 min read
Google source verification
 बाजार में इस तरह से भीड़ लग रही है।

बाजार में इस तरह से भीड़ लग रही है।

सीहोर. हे भगवान कहां फंस गए हम ये कैसी मुसीबत है जो पीछा छोडऩे का नाम नहीं ले रही है...यह शब्द उन लोगों के हैं जो प्रतिदिन शहर की बाजार की सड़कों से आवाजाही करते हैं। इन सड़कों को दो और चार पहिया ने पार्किंग जोन में तब्दील कर दिया है। जिससे हर कभी जाम लगना आम होता जा रहा है। समस्या को दूर करने अफसरों ने कई बार प्लान बनाया, लेकिन अमल आज तक नहीं हुआ है।

लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है

शहर की आबादी बढऩे के साथ ही समस्याओं में भी तेजी से इजाफा हुआ है। इसमें सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। सवा लाख की आबादी के बीच आलम यह है कि नगर में एक भी जगह पर पार्किंग के कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में दो और चार पहिया वाहन जहां भी थोड़ी बहुत खाली जगह मिली वहां वाहनों को पार्क कर आगे बढ़ जाते हैं। इन वाहनों के कारण दिनभर जाम लगने से आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कोई निराकरण नहीं निकल पाया है

इस समस्या को दूर करने कई बार लोगों ने अफसर-जनप्रतिनिधियों को शिकायत दर्ज कराई है। लापरवाही का आलम यह है कि कोई निराकरण नहीं निकल पाया है। ऐसे में पिछले दिनों मलमास समाप्त होने के बाद शादी और धार्मिक अनुष्ठान का आगाज होते ही बाजार में भीड़ बढ़ी तो फिर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई है। बावजूद इसके कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बड़ा बाजार, गांधी रोड, पान चौराहा, तहसील दौराहा पर सबसे बेकार स्थिति है।

अतिक्रमण हटाने की मुहिम पड़ी ठंडी
नगर पालिका ने दिसंबर महीने में जोरशोर से अतिक्रमण हटाओं मुहिम चलाई थी। इस मुहिम के दौरान गांधी रोड सहित अन्य जगह से करीब 120 दुकानों का अतिक्रमण हटाया था। जिससे मार्ग खुला हुआ नजर आया था। नगर पालिका का इनकी तरफ से ध्यान हटते ही फिर से पहले जैसी स्थिति इन जगहों पर हालात बेकार हो गए हैं। कई दुकानदार दुकानों के सामने सड़क तक सामान रखकर रास्ते को अवरूद्ध करने में लगे हैं। जिसका खामियाजा हर दिन जनता को भुगतना पड़ रहा है।

ऐसे सुधर सकती है व्यवस्था
- दुकान के सामने सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाया जाएं।
- मुख्य पाइंट पर यातायात पुलिस तैनात रहकर लगातार निगरानी करे।
- यातायात पुलिस वाहन को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराएं।
- दो-चार पहिया वाहनों को खड़ा करने पार्किंग की जगह निर्धारित हो।
- कोई मुख्य बाजार की व्यस्त सड़क पर वाहन खड़ा करता है तो
कार्रवाई हो।

नोटिस तक सीमित रही कार्रवाई
यातायात पुलिस ने पुराने भोपाल इंदौर हाईवे के भोपाल नाका से इंदौर नाका के बीच सड़क किनारे दुकान के सामने वाहन खड़े करने वाले 150 दुकानदारों को नोटिस थमाया था। नोटिस के बाद इनकी तरफ ध्यान देना उचित नहीं समझा। नतीजन दुकानदार धड़ल्ले से दुकान के सामने सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। खास बात यह है कि पुलिस भी इनके पास से निकलकर चली जाती है, लेकिन कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठा रही है। जबकि इस मार्ग से ही प्रतिदिन हजारों लोगों का आना जाना होता है।


कार्रवाई की जाती है
हमारी तरफ से दो और चार पहिया वाहन चालकों को सड़क पर वाहन नहीं खड़ा करने की लगातार समझाइश देने के साथ ही कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाता है। फिर भी इस तरह की स्थिति है तो कार्रवाई की जाएगी।
देवनारायण पाडे, यातायात प्रभारी, सीहोर

Story Loader