
सीहोर। अमेरिका दल सीहोर पहुंचा, दल ने जिला अस्पताल में महिलाओं से की चर्चा
सीहोर/ इछावर। शिशु स्वास्थ्य के बारे में हकीकत जानने अमेरिका के दल ने मंगलवार को भ्रमण किया।बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन अमेरिका के दल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इछावर, टीकाकरण सत्र सेमली जदीद, जिला अस्पताल स्थित एनआरसी केन्द्र, लेबर रूम, डीईआईसी, कोल्ड चैन रूम का सघन निरीक्षण कर दी जा रही सेवाओं एवं व्यस्थाओं को बारीकी से देखा।
दल में अमेरिका के बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सदस्य मेडम अम्बर जेडीस तथा मेडम जिलियन व जेएसआइ से डॉ.एसएन बागची, डॉ.विजय अग्रवाल, डॉ.सौरभ सक्सेना, विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्टेट टीम लीडर डॉ.अभिषेक जैन, एसएमओ डॉ.जोशी, यूएनडीपी (संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम) के स्टेट कम्यूनिकेशन हेड मुरली भ्रमण दल में शामिल थे।
सीएमएचओ डॉ.प्रभाकर तिवारी ने बताया कि अमेरिका के बिल एंड मिलिंडा फाउंडेशन के दल में शामिल मेडम अम्बर जेडीस एवं मेडम जिलियन को सीएमएचओ कार्यालय में सीएमएचओ द्वारा सीहोर में दी जा रही शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष प्रजेंटेशन दिया गया।
जिला अस्पताल में सवालों के जवाब में मेडम अम्बर जेडीस तथा मेडम जिलियन ने कहा उनका सीहोर आने का उद्देश्य शिशु स्वास्थ्य के संबंध में दी जा रही सेवाओं के संबंध में सूक्ष्म परीक्षण करना था इसलिए उन्होंने एक गांव में जाकर भी टीकाकरण सेवाओं को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि एएनएम तथा आशा कार्यकर्ताएं स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है।
टीकाकरण सत्र देखने इछावर के सेमलीजदीद पहुंचा दल
दल ने इछावर सामुदायिक स्वास्थ्य के अंतर्गत टीकाकरण सत्र सेमलीजदीद का सघन निरीक्षण किया गया। उन्होंने टीकाकरण कराने आए बच्चों की माताओं से जानकारी प्राप्त की। टीकाकरण के प्रोटोकॉल को सूक्ष्म रूप से देखा प्रचार-प्रसार सामग्री के प्रदर्शन सहित उप स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण कर सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उसके उपरांत वे आशा कार्यकर्ताओं एवं सहयोगिनी को लेकर गृह भेंट के लिए गांव में निकले तथा धात्री माताओं के घर में जमीन पर बैठकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
दल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इछावर का भ्रमण कर सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की प्रशंसा की तथा वहां कोल्ड चैन रूम का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमएचओ डॉ.प्रभाकर तिवारी तथा बीएमओ बीबी शर्मा ने दल को विस्तार से जानकारी दी।
जिला अस्पताल का भी किया निरीक्षण
जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र स्थित एनआरसी, एएनसी एवं पीएनसीकक्ष, लेबर रूम, डीईआईसी का भी सघन निरीक्षण सिविल सर्जन डॉ.भारत भूषण आर्य ने दल को कराया गया। अमेरिकी दल के दोनों सदस्यों ने एनआरसी में भर्ती बच्चों एवं उनकी माताओं के बीच बैठकर उनसे सुविधाओं के बारे में चर्चा की।
डीईआईसी रूम में पहुंचकर दी जा रही सेवाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एम चंदेल, आरएमओ डॉ.सुधीर श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारी शामिल थे।
Updated on:
27 Sep 2018, 11:07 AM IST
Published on:
27 Sep 2018, 11:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.