
सिवनी. कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने अपनी सहेली के साथ खेत गई 13 साल की बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोंचकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में परिजन बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से यहां आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बच्ची की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने और इलाके में कुत्तों को पकडऩे की मांग की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार समनापुर गांव निवासी 13 वर्षीय अवनी विनोखे अपनी सहेली के साथ शुक्रवार शाम 4 बजे टोला के पास स्थित प्राथमिक स्कूल के पास अपने खेत घूमने गई थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराई एक बच्ची भागकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े। तब तक कुत्ते बच्ची को बुरी तरह से नोंच दिया था। घटना की सूचना मिलते ही कान्हीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीण क्षेत्र में छोड़े कुत्ते
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका ने शहरी क्षेत्र से कुत्ते पकडकऱ ग्रामीण क्षेत्रों में छोड़ दिया है। इस वजह से कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। उन्होंने तत्काल कुत्तों को पकडऩे की मांग की है।
Updated on:
06 Sept 2025 10:34 am
Published on:
06 Sept 2025 10:34 am
