18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिलाओं ने मुख्यालय पहुंचकर की गांव में अतिक्रमण हटाने की मांग

समय रहते नाली का निर्माण नहीं हुआ तो बारिश का पानी घरों में भर सकता है। गांव के भीतर कुछ स्थानों पर बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण कर शासकीय भूमि पर कब्जा

2 min read
Google source verification
patrika news

सडक़ एवं नाली निर्माण में आ रही बाधा, बारिश में जलभराव का अंदेशा

सिवनी. जनपद पंचायत सिवनी की ग्राम पंचायत खेरीटेक की महिलाएं जिला मुख्यालय पहुंची। उन्होंने गांव में सडक़ एवं नाली निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की। महिलाओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कहा कि ग्राम खेरीटेक से सिमरिया मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सडक़ निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन अतिक्रमण की वजह से नाली निर्माण का कार्य रुका हुआ है।

शासकीय भूमि पर कब्जा

ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव के भीतर कुछ स्थानों पर बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण कर शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। निर्माण एजेंसी ने सडक़ का डामरीकरण तो कर दिया है, लेकिन अतिक्रमण के चलते नाली निर्माण नहीं हो पा रहा है। ठेकेदार द्वारा भी ग्रामीणों को बताया गया है कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा, तब तक नाली का निर्माण संभव नहीं है। महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से गांव में सडक़ और नाली निर्माण की मांग की जा रही थी। अब जब यह कार्य शुरू हुआ है तो अतिक्रमण के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान गांव में पानी भरने और गंदगी की समस्या बनी रहती है, जिससे आमजन विशेषकर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते नाली का निर्माण नहीं हुआ तो बारिश का पानी घरों में भर सकता है और जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद संबंधित लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया है। उनका कहना है कि एक कच्चे मकान को हटाने की कार्रवाई की गई, लेकिन प्रभावशाली लोगों के कब्जों के कारण निर्माण कार्य अब भी बाधित है। महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाकर नाली निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बरसात में होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।