सिवनी. केवलारी व सिवनी जनपद पंचायत क्षेत्र के दर्जनों गांवों में रविवार को दोपहर तीन बजे आंधी-पानी व ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। बिजली कंपनी के 86 खंभे टूट गए। दर्जनभर से अधिक ग्राम की सप्लाई बाधित हो गई। सिवनी-मंडला मार्ग पर तेज आंधी के साथ उस समय पेड़ गिर गया, जब रास्ते से बस गुजर रही थी। संयोग अच्छा रहा कि चालक ने बस को नियंत्रित कर सड़क के नीचे उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बस सवारियों से भरी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ के सड़क पर गिरने से दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। आंधी व बारिश के बीच वाहन में फंसे सवार लोग लंबे समय तक इंतजार करते नजर आए। दो घंटे से अधिक समय बाद सड़क पर गिरे पेड़ के हिस्से को हटाकर अवागमन शुरू कराया गया। ग्राम छुई, कान्हीवाड़ा, कटिया व कामता के ग्रामीणों ने बताया कि ओले गिरे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से कड़ी धूप थी। सुबह 11.30 बजे आसमान पर बादल आए फिर छट गए। दोपहर तीन बजे अचानक आंधी व बारिश शुरू हो गई। ओलावृष्टि भी हुई। बताया कि नौतपा चल रहा है। इसमें बारिश का योग बना हुआ है।
उधर आंधी व बारिश ने बिजली कंपनी को बड़ा नुकसान पहुंचाया। 86 खंभे पीसीसी के टूट गए हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गया। बारिश थमने के बाद इसे सुधारने का कार्य चल रहा था। सबसे अधिक समस्या डूंगरिया, भोमा, कान्हीवाड़ा, गंगेरुआ, कमकासुर आदि क्षेत्रों में सामने आई है। ३३केवी लाइन के तीन खंभे के टूटने से कान्हीवाड़ा क्षेत्र में लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रही।
पांच घंटे से अधिक समय तक गुल रही बिजली
शहर के कुछ इलाकों के साथ ही कान्हीवाड़ा, खैरापलारी, डूंगरिया, भोमा, कान्हीवाड़ा. गंगेरूआ, कामकासुर आदि क्षेत्र की बिजली पांच घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। इसकी पुष्टि कार्यपालन यंत्री एमएल साहू ने की है। बताया कि शहर के डालडा फैक्ट्री क्षेत्र में लाइन बंद रही, जिसे सुधारकर चालू करा दिया गया। कान्हीवाड़ा, भोमा, कन्हान, पिपरिया, भटेखारी, छुई, पांजरा, पलारी तिगड्डा की बिजली गुल रही। देर शाम तक यहां भी आपूर्ति बहाल करा दी गई।
आज होगी आंशिक जलापूर्ति
नगर पालिका क्षेत्र में सोमवार को पानी की आपूर्ति आंशिक होगी। इसकी जानकारी सीएमओ आरके कुरर्वेती ने दी है। बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे बंडोल एवं सुआखेड़ा प्लांट में विद्युत प्रवाह बंद था। इसकी वजह से नगर की टंकी भर नहीं पाई। टंकी वालें क्षेत्रों में सोमवार को आंशिक रूप से जलापूर्ति की जाएगी।