6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब दिल्ली में तय होगा रिजल्ट जारी करें या रोकें

नवोदय प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थी को मिला अलग-अलग कोड, लखनादौन के उत्कृष्ट विद्यालय का मामला

2 min read
Google source verification
REET 2018 exam

how to prepare for competition exam

सिवनी. जवाहर नवोदय विद्यालय कान्हीवाड़ा में प्रवेश के लिए हुई परीक्षा में लखनादौन के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से एक नया मामला सामने आया है। यहां परीक्षार्थी को अलग-अलग कोड नंबर का प्रश्न पत्र और ओएमआर आंसर सीट (उत्तरपुस्तिका) थमाकर परीक्षा ले ली गई। जबकि इस परीक्षा में हर एक परीक्षार्थी का प्रश्न पत्र और ओएमआर सीट का कोड (क्रमांक) एक जैसा होना चाहिए। परीक्षा पूरी होने के बाद मामला उजागर हुआ तो केन्द्र अध्यक्ष से लेकर कलेक्टर तक अलर्ट हो गए। अब मामला नवोदय विद्यालय के मुख्यालय दिल्ली पहुंचा है, जहां इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उत्कृष्ट विद्यालय लखनादौन के प्राचार्य एवं नवोदय प्रवेश चयन परीक्षा केन्द्र अध्यक्ष अर्जुन सिंह गौर ने बताया कि चयन परीक्षा के दौरान एक कक्ष में शिक्षिका भावना चौरसिया ने हस्ताक्षर करने के दौरान देखा कि एक परीक्षार्थी का प्रश्न पत्र और ओएमआर सीट का कोड अलग-अलग है। परीक्षा समाप्ति पर शिक्षिका ने केन्द्र अध्यक्ष को इस विषय में जानकारी दी। केन्द्र अध्यक्ष ने इसकी जानकारी नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एमएन राव को दी थी। प्राचार्य ने इस पर अपनी ओर से कोई समाधान न कर पाने की बात कही थी।
शिकायत पर कलेक्टर ने लिया एक्शन -
इस मामले में जब विद्यार्थी के परिजनों ने कलेक्टर गोपालचंद्र डाड को लिखित शिकायत की। तब उन्होंने नवोदय विद्यालय प्राचार्य, डीइओ एसपी लाल से इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश पत्र जारी किया था। इसके उपरांत नवोदय प्राचार्य, डीइओ ने उत्कृष्ट विद्यालय लखनादौन के प्राचार्य से जवाब-तलब किया था। जिसमें उन्होंने अपना पक्ष रखकर अलग-अलग कोड की त्रुटि को सुधार कर परीक्षार्थी का परिणाम घोषित करने की अपेक्षा व्यक्त की है।
प्राचार्य से मांगा है जवाब -
नवोदय प्रवेश चयन परीक्षा में अलग-अलग कोड पर परीक्षार्थी से परीक्षा लिए जाने के मामले में नोटिस जारी प्राचार्य से जवाब मांगा है, जिसकी लापरवाही होगी, उचित कार्रवाई की जाएगी।
एसपी लाल, डीइओ सिवनी
हमारी कोई गलती नहीं -
प्रश्न पत्र और ओएमआर सीट सीलबंद प्राप्त होती हैं, इसलिए स्थानीय स्तर से गलती होने की संभावना नहीं है। शिक्षिका ने परीक्षा उपरांत बताया था। परिजनों ने भी शिकायत की थी।
अर्जुन सिंह गौर, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय लखनादौन
दिल्ली मेें होगा निर्णय -
कलेक्टर का पत्र मिला है। हमने दिल्ली मुख्यालय को पत्र लिखकर परीक्षार्थी की पूरी जानकारी और अभिमत भेजा है। वहीं से परिणाम घोषित करने का निर्णय लिया जाएगा। संभावना है समाधान हो जाएगा। प्राचार्य, शिक्षिका पर जो कार्रवाई करना है कलेक्टर,डीइओ के अधिकार क्षेत्र में है।
एमएन राव, प्राचार्य नवोदय विद्यालय कान्हीवाड़ा