30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Railway: गेज कन्वर्जन के बाद जिले को सीमित ट्रेनों की सौगात, नई ट्रेनों की दरकार

गेज कन्वर्जन के बाद जिले से पेंचवैली एक्सप्रेस, पातालकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस, नागपुर-शहडोल एवं इतवारी-रीवा एक्सप्रेस का परिचालन किया जा रहा है। जबकि उत्तर भारत एवं दक्षिण भारत के लिए कोई भी सीधे ट्रेन नहीं है।

3 min read
Google source verification
Summer Special Train

फाइल फोटो- पत्रिका

चित्रकूट एक्सप्रेस, सेवाग्राम एक्सप्रेस को लेकर अब तक नहीं हुआ निर्णय

सिवनी. जिले में आगामी समय में फिलहाल नई एक्सप्रेस ट्रेन चलने को लेकर कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों को मांग बुलंद करनी होगी। रेलवे मंत्रालय से नई ट्रेनों की सौगात दिलानी होगी। दरअसल गेज कन्वर्जन के बाद जिले से पेंचवैली एक्सप्रेस, पातालकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस, नागपुर-शहडोल एवं इतवारी-रीवा एक्सप्रेस का परिचालन किया जा रहा है। जबकि उत्तर भारत एवं दक्षिण भारत के लिए कोई भी सीधे ट्रेन नहीं है।नागपुर एवं जबलपुर जाने के लिए भी चंद ट्रेनों की सुविधा है। ऐसे में जरूरी है कि नई ट्रेनों का परिचालन किया जाए। अब तक किए गए प्रयास को देखें तो जिले में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर जनप्रतिनिधि जिम्मेदारों से मिलने एवं उन्हें पत्र लिखने तक ही सीमित रह गए हैं। यही वजह है कि ट्रेन सुविधाएं बढ़ नहीं पा रही हैं। जुलाई 2025 में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर सेवाग्राम एक्सप्रेस का विस्तार वाया सिवनी होते हुए नैनपुर तक किए जाने की मांग की थी। जिसके जवाब में रेलमंत्री ने कहा कि पत्र में उल्लेखित ट्रेन नंबर-12139 छत्रपति शिवाजी टर्मिनल मुंबई-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस का विस्तार किए जाने एवं अन्य मामलों की विस्तृत जांच के लिए संबंधित निदेशालय को निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अब तक इस मामले में कोई निर्णय नहीं हो पाया है। वहीं चित्रकूट एक्सप्रेस की मांग भी ठंडे बस्ते में है।

त्योहार के साथ आम दिनों में होती है परेशानी
जिले में ट्रेन सुविधा सीमित होने से जबलपुर, नागपुर तक सफर करने के लिए लोगों को बसों में महंगा किराया देना पड़ रहा है। त्योहारी सीजन में काफी दिक्कत होती है। सिवनी से जबलपुर, नागपुर, भोपाल सहित अन्य जगहों के लिए प्रर्याप्त ट्रेन सुविधा होती तो समस्या दूर हो जाती। ट्रेन सुविधा न होने से सिवनी सहित आसपास के जिले के लोगों को दो से तीगुना अधिक किराया देकर बस में सफर करना पड़ रहा है। यह स्थिति आम दिनों की है। त्योहारों में किराया और भी बढ़ जाता है। सिवनी से जबलपुर तक एक भी पैसेंजर ट्रेन नहीं चल रही है। सिवनीवासियों का कहना है कि ट्रेन की सुविधा ऐसी होनी चाहिए कि वह सुबह जबलपुर जाएं और फिर शाम को वापस घर पहुंच जाएं। सिवनी से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग सुबह जबलपुर जाते हैं और शाम को वापस आते हैं। सिवनी से नैनपुर के लिए पैसेंजर (08271) ट्रेन सुबह 8.50 बजे रवाना होती है। इसी ट्रेन को अगर जबलपुर तक कर दें तो काफी समस्या दूर हो सकती है। इसके अलावा नई ट्रेनों का परिचालन भी शुरु करना चाहिए।

एक्सप्रेस ट्रेनों की सुविधा सीमित, समय-सारणी भी ठीक नहीं
ब्रॉडगेज कार्य पूरा होने के बाद सिवनी वासियों को हफ्ते में चार दिन रीवा-इतवारी एक्सप्रेस, इतवारी-रीवा एक्सप्रेस एवं प्रतिदिन नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस एवं शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिली है। हालांकि इस ट्रेनों की समय-सारणी यात्रियों के अनुसार नहीं है। नागपुर-शहडोल(11201) एक्सप्रेस नागपुर से सुबह 8 बजे रवाना होती है और छिंदवाड़ा सुबह 10.45 बजे एवं सिवनी में दोपहर 11.53 बजे पहुंचती है। इसके बाद जबलपुर शाम 4.50 बजे पहुंचती है। वहीं इतवारी-रीवा एक्सप्रेस(11755) की सुविधा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार को है। यह ट्रेन इतवारी से शाम 6.10 बजे रवाना होती है और सौंसर होते हुए छिंदवाड़ा रात 8.25 बजे, चौरई रात 9.08 बजे, सिवनी रात 9.30 बजे और फिर अगले दिन जबलपुर सुबह 3.50 बजे पहुंचती है। वहीं शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस(11202) शहडोल, कटनी होते हुए जबलपुर से सुबह 9 बजे रवाना होती है और यह ट्रेन दोपहर 12.43 बजे सिवनी और शाम 6 बजे नागपुर पहुंचती है। जबकि रीवा-इतवारी एक्सप्रेस(11756) जबलपुर से रात 9.30 बजे रवाना होती है और देर रात 1.50 बजे सिवनी पहुंचती है। इसके बाद छिंदवाड़ा होते हुए सुबह 7.30 बजे इतवारी पहुंचती है। इस ट्रेन की सुविधा सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार एवं रविवार को ही है। लोगों का कहना है कि ट्रेन की सुविधा ऐसी होनी चाहिए कि वह सुबह जबलपुर जाएं और दिन में काम करके शाम को ट्रेन से सिवनी वापस आ जाएं।

जनप्रतिनिधियों को बुलंद करनी होगी मांग
सिवनी से जबलपुर तक सुबह से लेकर रात तक कम से कम चार ट्रेनों की सुविधा की दरकार है। यह तभी संभव है जब स्थानीय जनप्रतिनिधि ध्यान दें। इसके लिए लगातार मांग उठानी होगी। कुछ नई ट्रेनों की सौगात के साथ ही वर्तमान में जो ट्रेनों का परिचालन हो रहा है उनकी कनेक्टिविटी अन्य ट्रेनों के साथ देनी होगी।

ट्रेनों की कनेक्टिविटी पर भी देना होगा ध्यान
नैनपुर से ऐसे कई पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होता है जिनकी कनेक्टिविटी सिवनी से आने वाली ट्रेनों से की जा सकती है। पैसेंजर (05704) ट्रेन सुबह 6.20 बजे नैनपुर से रवाना होती है और सुबह 10.05 बजे जबलपुर पहुंचती है। यह ट्रेन प्रतिदिन चलती है। इसके अलावा गोंदिया-गढ़ा (07829) मेमू स्पेशल ट्रेन सुबह 9.59 बजे नैनपुर से रवाना होती है और गढ़ा दोपहर 12.40 बजे पहुंचती है। इस ट्रेन की कनेक्टिविटी छिंदवाड़ा से सिवनी होकर नैनपुर आने वाली पैसेंजर ट्रेन के साथ की जा सकती है। इसके लिए जरूरी है कि पैसेंजर ट्रेन छिंदवाड़ा से एक घंटे पहले रवाना कर दी जाए और वह सिवनी सुबह 8.50 की जगह सुबह 7.50 बजे और नैनपुर सुबह 9.30 तक पहुंच जाए। इसके अलावा नैनपुर-जबलपुर(05706) पैसेंजर ट्रेन नैनपुर से शाम 5.40 बजे एवं गोंदिया-जबलपुर पैसेंजर(05714) ट्रेन शाम 6.45 बजे जबलपुर रवाना होती है।