scriptआंधी के साथ आधे जिले में हुई बारिश | Patrika News
सिवनी

आंधी के साथ आधे जिले में हुई बारिश

– कई जगह खम्भे-तार गिरने से बिजली गुल, सुधार कार्य जारी

सिवनीJun 09, 2024 / 06:55 pm

sunil vanderwar

सिवनी शहर में हुई बारिश।

सिवनी शहर में हुई बारिश।

सिवनी/छपारा. जिले के आधे हिस्से में शनिवार को दोपहर बाद एक बार फिर मौसम बदला और तेज हवा आंधी के साथ बारिश हुई। सिवनी, छपारा, बरघाट, गोपालगंज, पलारी, केवलारी, बंडोल, धनौरा व आसपास क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश से धरती तर-बतर हो गई। कई जगह आंधी-बारिश के कारण विद्युत खम्भे गिरने-तार टूटने के कारण बिजली गुल हो गई। सिवनी शहर व आसपास इलाके में एक घंटे से अधिक बारिश होने से मौसम में ठण्डक बढ़ गई।

विद्युत सप्लाई वाधित, सुधार कार्य जारी-


मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी लिमिटेड के सिवनी संभाग के कार्यपालन यंत्री सुभाष राय ने बताया कि शनिवार को जिले में कहीं-कहीं तेज हवा-बारिश से विद्युत सप्लाई में समस्या आने की सूचना प्राप्त हुर्ई है। बंडोल, पलारी क्षेत्र में शुक्रवार को कुछ जगह विद्युत खम्भे-तार गिरने से विद्युत सप्लाई प्रभावित हुई थी। सुधार कार्य में विद्युत अमला लगा हुआ है। वर्तमान में भी जहां कहीं से सूचना प्राप्त हो रही है, कर्मियों को भेजकर सुधार कार्य कराया जा रहा है।

अच्छी बारिश की उम्मीद, बुआई की तैयारियों में जुटे किसान-


नगर सहित क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन सुबह की तेज गर्मी वाली धूप रही और दोपहर तीन बजे के बाद अचानक पहले तेज हवा के साथ आधा घंटा हल्की बारिश हुई। बारिश थमी तो धूप और गर्मी से राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के तट पर पहुंचे रमेल नाम के चक्रवात तूफान से मौसम का अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष मानसून 12 जून के आसपास मध्यप्रदेश में पहुंचेगा। तूफान के साथ आ रहे मानसून पर अनूकूल प्रभाव होने से 106 प्रतिशत अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिसको लेकर क्षेत्रीय कृषकों की ओर से आगामी फसल मक्का के स्थान पर धान की फसल रोपने की बात कही जा रही है। किसानों ने बताया कि वर्ष 2022 में अधिकांश क्षेत्रिय कृषकों ने धान की फसल से अच्छी पैदावार पाई थी।

आकाशीय बिजली से घायल लोगों से मिले पुलिस अधीक्षक-


छपारा क्षेत्र के खुर्सीपार गांव के गाड़ाघाट में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी, वहीं 14 लोग झुलस गए थे। जिनका उपचार छपारा अस्पताल में जारी है। भर्ती मजदूरों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने एसपी राकेश कुमार सिंह छपारा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आकाशीय बिजली से घायल हुए मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टर से भी चर्चा की। इस दौरान छपारा थाना प्रभारी सौरभ पटेल भी मौजूद रहे।

Hindi News/ Seoni / आंधी के साथ आधे जिले में हुई बारिश

ट्रेंडिंग वीडियो