
सिवनी. भीषण गर्मी में जल स्त्रोत सूखते जा रहे हैं और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों के सब्र का बांध भी टूट रहा है। प्रचंड धूप में मंगलवार को सिवनी के ग्राम पंचायत परासिया के गोरखपुर खुर्द गांव के ग्रामीण काफी संख्या में खाली बर्तन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनसुनवाई में जल समस्या को दूर करने के संबंध में आवेदन दिया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही। ग्रामीणों का कहना था कि प्रति वर्ष की तरह ही इस बार भी गांव में पीने के पानी की समस्या हो गई है। लगभग 50 घर में 8 दिन से जल निगम का पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम परासिया से गोरखपुर खुर्द की दूरी लगभग एक किमी है। अगर परासिया के लाइन से पानी की लाइन जोड़ दी जाए तो उनके गांव में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। बड़ी बात यह थी कि ग्रामीणों ने पिछले मंगलवार को भी जनसुनवाई में पहुंचकर समस्या की गुहार लगाई थी, लेकिन निराकरण नहीं हुआ।
दूर-दराज से कर रहे पानी का इंतजाम
ग्रामीणों का कहना था कि गांव के अधिकांश हैंडपंप या तो खराब हो चुके हैं या जलस्तर गिरने से सूख गए हैं। गांव में पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन कई दिन से पानी नहीं आ रहा है। घर के बच्चे, महिलाएं एवं अन्य सदस्य दूर-दराज से चिलचिलाती धूप में पानी लाने को मजबूर हैं। जनजीवन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना था कि गांव में जल्द ही पानी की व्यवस्था नहीं बनाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ध्यान देती तो उन्हें इस भीषण गर्मी में कलेक्ट्रेट दोबारा नहीं आना पड़ता।
गर्मी के वजह से दो लोगों की तबीयत हुई खराब
कलेक्ट्रेट में लोगों के प्रर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं है। वहीं ठंडे पानी को लेकर भी लोगों की शिकायत रहती है। हर मंगलवार को व्यवस्था बिगड़ जाती है। काफी संख्या में आवेदकों को तेज धूप में बाहर ही खड़े रहकर अपने बारी का इंतजार करना पड़ता है। मंगलवार को जनसुनवाई में 200 से अधिक लोग पहुंच गए। तेज धूप की वजह से आवेदन देने पहुंचे एक महिला एवं एक पुरुष की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
हाथ में गेहूं लेकर पहुंचे किसान
जनसुनवाई में मंगलवार को काफी संख्या में किसान भी पहुंचे। किसी ने सर्वर डाउन होने से स्लॉट बुकिंग न होने तो किसी ने उपार्जन केन्द्र पर गेहूं को रिजेक्ट होने की शिकायत की। कई किसानों ने हाथ में गेहूं की फसल भी ले रखी थी।
Updated on:
30 Apr 2026 11:21 am
Published on:
30 Apr 2026 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
