15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पूरी रात टापू में फंसा रहा परिवार, पानी कम होने के बाद हुआ रेस्क्यू

भीमगढ़ बांध से अचानक छोड़े गए पानी से हुई थी परेशानी,

2 min read
Google source verification

सिवनी/छपारा. टापू पर खेत में काम करने गए एक ही परिवार के चार सदस्यों का शुक्रवार सुबह पुलिस ने सकुशल रेस्क्यू कर लिया। पानी कम होने के बाद उन्हें सुरक्षित टापू से निकालकर घर पहुंचाया गया। परिवार के तीन महिला एवं एक पुरुष सदस्य पूरी रात टापू पर फंसे रहे। उनके पास खाने एवं पीने के लिए पानी भी प्रर्याप्त नहीं था। चारों सदस्यों ने बताया कि वे पूरी रात बैठकर इंतजार करते रहे। उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार हो रही बारिश की वजह से संजय सरोवर भीमगढ़ बांध का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में जल संसाधन विभाग ने गुरुवार सुबह 8 बजे बांध का तीन गेट खोलकर वैनगंगा नदी में पानी छोड़ा था, जिसके चलते बांध के निचले इलाके वैनगंगा नदी तट के किनारे पानी भर गया। धनौरा थाना क्षेत्र के भुरकुंडी गांव के भलावी परिवार के चार लोग गुरुवार सुबह अपने खेत में काम करने गए थे। उन्हें बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना नहीं थी। खेत काफी ऊंचाई और टापू में है। जब वे काम करके लौटने लगे, तब वह पानी के चलते निकल नहीं पाए और टापू मेंफंस गए। इसके बाद उन्होंने फोन से सूचना गांव और फिर पुलिस को दी गई। पुलिस ने भीमगढ़ बांध के अधिकारियों से संपर्क कर बांध के गेट को शाम 7 बजे बंद करवाया। रेस्क्यू करने पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पानी का बहाव तेज होने की वजह से वे रेस्क्यू नहीं कर पाए और पानी कम होने का इंतजार करने लगे। शुक्रवार सुबह 5 बजे पानी कम होने के बाद टापू पर फंसे सोनवती पति चंद्र सिंह भलावी(60), अनीता पति बृजमोहन भलावी(30), भगवती पति संत कुमार भलावी(29), संत कुमार पिता चन्द्र सिंह भलावी(34) का सकुशल रेस्क्यू किया गया।

तीन गेट खोलकर फिर छोड़ा गया पानी
टापू पर फंसे चारों किसानों का सकुशल रेस्क्यू होने के बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे संजय सरोवर भीमगढ़ बांध के तीन गेट फिर से खोल दिए गए हैं। बांध में वर्तमान में जल स्तर 518.40 मीटर है। दो गेट 1.25 मीटर एवं एक गेट 1.50 मीटर खोला गया है। 20488 घन मीटर प्रति सेकंड पानी बांध से छोड़ा जा रहा है।