5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शहर में भारत आटा व दाल की बढ़ी डिमांड, एक महीने में आठ टन दाल, चार टन आटा की हुई बिक्री

15 दिन पहले भेजा गया डिमांड ऑर्डर, अब तक नहीं आई सामग्री, पर्याप्त आपूर्ति न होने से लोग हो रहे परेशान

2 min read
Google source verification
शहर में भारत आटा व दाल की बढ़ी डिमांड, एक महीने में आठ टन दाल, चार टन आटा की हुई बिक्री

शहर में भारत आटा व दाल की बढ़ी डिमांड, एक महीने में आठ टन दाल, चार टन आटा की हुई बिक्री

शहडोल. आम जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए सरकार ने सस्ते दरों में भारत आटा व चना दाल की सप्लाई शुरू की है। जिससे लोगों को सस्ते में खाद्यान्न मिल सके, लेकिन जिले में इसकी पर्याप्त आवक न होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। जिले में फरवरी से शुरुआत की गई केन्द्र सरकार की भारत आटा योजना के तहत सस्ते दामों में आटा व चना दाल की बिक्री कराई जा रही है। इसके लिए शहर के जावेद खान को डीलरशिप दी गई है। जो वाहनों के माध्यम से शहर व गांव में आटा व दाल की बिक्री कर रहे हैं। इसके साथ ही शहर के सिंहपुर रोड में एक दुकान के माध्यम से भी आटा व दाल की बिक्री की जा रही है। सब डीलर ने बताया कि फरवरी में शुरुआत हुई थी। केन्द्र सरकार की इस योजना के तहत अब तक 8 टन दाल व 4 टन आटा की बिक्री की जा चुकी है। शहर सहित आसपास क्षेत्र के लोग आटा व दाल लेने पहुंचते हैं, लेकिन दाल का पर्याप्त स्टॉक न होने के कारण लोगों का वापस लौटना पड़ रहा है।
रेट कम होने से दाल की मांग ज्यादा
बाजार में राहर दाल की कीमत 150 से 180 रुपए और चना दाल 80 रुपए किलो तक होने के कारण लोग भारत दाल को अपना रहे हैं। जिसके कारण भारत दाल की डिमांड बढ़ गई है। बताया गया कि एक महीने में 8 टन दाल की खपत हो चुकी है। दाल की अच्छी गुणवत्ता होने के कारण लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बीते 15 दिनों से दाल का स्टॉक खत्म है। जिसके लिए डिमांड भेजी गयी है, लेकिन अभी तक स्टॉक नहीं पहुंचा है।
25 टन आटा व दाल की भेजी डिमांड
जिले में भारत आटा व दाल की बिक्री विभाग की देखरेख में सब डीलर के माध्यम से बिक्री की जा रही है। एक महीने में अब तक दो बार ही आटा व दाल का खेप शहडोल पहुंची है। सब डीलर ने बताया कि खपत बढऩे के कारण बीते 15 दिन पहले 25 टन आटा व दाल मंगाने के लिए डिमांड भोपाल भेजी है।
मार्केट से सस्ते रेट में मिल रहा आटा व दाल
केन्द्र सरकार ने आमजन को महंगाई से राहत दिलाने के लिए भारत आटा 27.50 रुपए प्रति किलो व 60 रुपए किलो चना दाल की बिक्री करा रही है। सिंहपुर रोड स्थित दुकान में ग्राहक अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराकर सामग्री ले सकते हंै। हालांकि विभाग की तरफ से अभी तक आटा व दाल के लिए लिमिट तय नहीं की गई है। लेकिन एक व्यक्ति को एक बार में 5 किलो दाल व 10 किलो आटा दिया जा रहा है। इसके साथ ही सरकार चावल व मसूर दाल के साथ रिफाइंड तेल को भी सस्ते दरों में बेचने की तैयारी कर रही है। चावल के लिए शहडोल में 2 व उमरिया में 1 राइस मिलर से अनुबंध होना बताया जा रहा है। जिसकी प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। जल्द ही इन मिलरों के माध्यम से चावल की आपूर्ति जिले में की जाएगी।
इनका कहना है
आमजन को महंगाई से राहत दिलाने के लिए सरकार सस्ते दामों में आटा व दाल की बिक्री करा रही है। जिले में इसकी जिम्मेदारी सब डीलर को दी गई है। जो विभाग की निगरानी में अनाज की बिक्री कर रहा है।
विपिन पटेल, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी