
लोकतंत्र का महापर्व : जिले में 78.93 फीसदी मतदान, महिलाओं ने दिखाई ताकत
शहडोल. लोकतंत्र के महापर्व में जिले के मतदाताओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया। जिले की तीनो विधानसभा सीटों में 78.93 प्रतिशत मतदान हुआ। पुरुषों से ज्यादा महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर ज्यादा रुझान देखने मिला। शुक्रवार को हुए विधानसभा चुनाव में ब्यौहारी 83 में 74.52 प्रतिशत, जयसिंहनगर 84 में 81.33 प्रतिशत व जैतपुर 85 में 80.95 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। जिले में कुल 77.48 प्रतिशत पुरुष तो 80.46 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जैतपुर और ब्यौहारी में कुछ बूथों में मतदाताओं में नाराजगी देखने मिली। इसके अलावा सभी जगह शांति पूर्वक मतदान संपन्न हुआ। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान व गड़बड़ी न हो इसके लिए प्रशासन ने समुचित व्यवस्था बना रखी थी। दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रो में व्हीलचेयर की सुविधा व वरिष्ठ मतदाताओं को लाने के लिए ऑटो की व्यवस्था भी की गई थी।
तीनों विधानसभा में महिलाएं आगे
मतदान के मामले में महिलाओं ने पुरुष मतदाताओं को पीछे छोंड़ दिया है। चुनाव में 78.45 महिलाओं ने महापर्व में भाग लिया। इनमें ब्यौहारी विधानसभा में 76.93 प्रतिशत, जयसिंहनगर में 79.45 प्रतिशत व जैतपुर में 79.27 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया। पुरुष मतदाताओं की बात की जाए तो ब्यौहारी में 69.20, जयसिंहनगर में 75.53 व जैतपुर में 76.45 प्रतिशत कुल 74.07 प्रतिशत मतदाताओं ने ही मतदान किया है।
केंद्र का लिया जायजा
लोकतंत्र के महापर्व पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना वैद्य ने जिले के विधानसभा क्षेत्र जैतपुर के अंतर्गत दूरस्थ ग्राम कोपरा में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना वैद्य ने मतदान केंद्र पर आए वरिष्ठ मतदाताओं का फूलमाला से स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मतदान केंद्रों में व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, सीईओ मुद्रिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
ऑटो की रही व्यवस्था
लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक मतदाता शामिल हों इसके लिए कई नवाचार किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र जैतपुर के अंतर्गत बनाए गए केशवाही मतदान केंद्र में दिव्यांग, वरिष्ठ एवं महिला मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने एवं ले जाने के लिए ऑटो की व्यवस्था की गई, जिसकी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सराहना की।
Published on:
18 Nov 2023 12:56 pm
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
