
लाखों का कबाड़ हुआ है जब्त, चोरी का होने की आशंका
शहडोल- आधी रात कबाड़ कारोबारी पुलिस को चकमा देकर गाडिय़ां निकलवा रहे थे। डीएसपी हेड क्वार्टर हेमंत शर्मा और सोहागपुर पुलिस ने दो वाहन जब्त किए हैं। दोनों वाहनों में लगभग 15 लाख से ज्यादा का कबाड़ लोड है। कबाड़ बुढ़ार निवासी बड्डे जैन और अनीस खान का है। कबाड़ बुढ़ार से जबलपुर जा रहा था। कबाड़ लोड करके शहडोल से गाडिय़ां गुजर रहीं थी।
ट्रक एमपी 33 एच 1821 का चालक इरफान खान सरिया और कटा हुआ कीमती लोहा जबलपुर ले जा रहा था। एमपी 20 जीए 0442 का चालक मो साईद प्लास्टिक और कॉपर वायर, कीमती लोहा जबलपुर ले जा रहा था। पुलिस ने दस्तावेज न मिलने पर दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं। जब्त वाहनों की जांच की तो ऊपर प्लास्टिक और तिरपाल से ढक दिया गया था, जबकि अंदर कीमती कटा हुआ लोहा था।
नहीं मिले दस्तावेज
पुलिस ने दस्तावेजों की मांग की लेकिन चालक कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके अलावा परिवहन को लेकर कोई ई- वे बिल भी नहीं था और न ही पंजीयन कराया गया था।
रसूखदार भी हैं शामिल
मामले में कई रसूखदार भी जुड़े हैं। रसूख के चलते लंबे समय से बुढ़ार से कबाड़ माफिया सांठगांठ के चलते कबाड़ की गाडिय़ां निकलवाते हैं। बुढ़ार, जैतपुर, खैरहा में कबाडिय़ों ने गोदाम भी बना रखा है। मामले में एक और रसूखदार का नाम सामने आ रहा है पुलिस ने जांच में नहीं लिया है।
चोरी का तो नहीं माल
एक ट्रक में अच्छी क्वालिटी का सरिया जब्त हुआ है। आशंका है कि पुल, बिल्डिंग के निर्माण में लगने वाली सरिया चोरी कर परिवहन किया जा रहा था। व्यापारी बड्डे जैन और अनीस स्टील पाइप, एंगल, कापर वायर और लोहे की सरिया लोड करके भेज रहे थे।
रात में गश्त के दौरान पकड़े हैं वाहन
हेड क्वार्टर डीएसपी हेमंत शर्मा के मुताबिक रात गश्त के दौरान दोनों वाहनों को पकड़ा है। ऊपर प्लास्टिक थी लेकिन भीतर कीमती लोहा, कापर वायर और लोहे की सरिया थी। दस्तावेज भी कोई नहीं थे। सरिया बेहतर क्वालिटी की है। आशंका है कि चोरी का कबाड़ था। दोनों चालकों ने बुढ़ार से कबाड़ लोड करना बताया है। जल्द पुलिस कबाड़ व्यापारियों पर भी मामला दर्ज करेगी।
Published on:
25 Jun 2018, 11:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.