
उप मुख्यमंत्री ने फीता काटकर किया शुभारंभ, अब रक्त के लिए परिजनों को जिला चिकित्सालय के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
शहडोल. मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती होने वाले मरीजों के परिजनों को अब ब्लड के लिए जिला चिकित्सालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। मेडिकल कॉलेज में 500 यूनिट क्षमता वाले ब्लड बैंक का शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुभारंभ किया। ब्लड बैंक में वर्तमान में लगभग 100 यूनिट ब्लड उपलब्ध है। आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा कैंप व अन्य माध्यमों से क्षमता के अनुरूप ब्लड संग्रह करने का प्रयास किय जाएगा। जिससे ब्लड बैंक में पर्याप्त ब्लड की उपलब्धता बनी रही। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. गिरीश बी. रामटेके ने बताया कि ब्लड सेंटर के ब्लड कंपोनेंट स्टोरेज रूम में 4 ब्लड बैंक रेफ्रिजरेटर तथा 2 डीप फ्रीजर की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा आवश्यकता होगी तो और भी फ्रीजर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कंपोनेट स्टोरेज के लिए ही उन्हें लाइसेंस प्राप्त हुआ है। अभी उन्हें ए-फेरेसिस मशीन की आवश्यकता है, जो एक महीने के अंदर उपलब्ध हो जाएगी।
ब्लड बैंक के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मरीज अस्पताल में खुशियां बांटने नहीं आते, बल्कि अपनी मजबूरी और जीवन की नई उम्मीदों के साथ आते हैं। यदि स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करे तो अस्पताल आने वाले मरीजों की आधी तकलीफ अपने-आप दूर हो जाती है और उन्हें जीवन जीने का संबल भी मिलता है। उन्होंने कहा कि ब्लड सेंटर का शुभारंभ संभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे संभाग के मरीजों को सरलता और सहजता से रक्त उपलब्ध हो सकेगा।
शहडोल मेडिकल कॉलेज में भी एमबीबीएस की सीटों को 100 से बढ़ाकर 200 करने तथा पीजी सीटों को 6 से बढ़ाकर 71 करने की प्रक्रिया अंतिम चरण पर हैं। प्रदेश सरकार सीएम केयर योजना के तहत मेडिकल कॉलेजों को ह्रदय रोग, कैंसर तथा अंग प्रत्यारोपण की सुविधा देने जा रही है। आपने मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों की भर्ती हेतु विज्ञापन निकालकर वाक-इन इंटरव्यू शीघ्र आयोजित कर भर्ती प्रक्रिया पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक मनीषा सिंह ने मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन एवं एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिला अस्पताल का विस्तार कर 300 बेड से 500 बेड की क्षमता वाला अस्पताल बनाने की बात कही। डीन डॉ गिरीश बी रामटेके ने कोर्ट वीडियो कॉन्फ्रेसिंग रूम, एमबीबीएस सीटों, ओपीडी संचालन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी, विधायक ब्यौहारी शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक उपस्थित रहे।
Published on:
14 Mar 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
