शहडोल

नगर के इन स्थलों का नगर पालिका करा रही सर्वे, डीपीआर तैयार कर कायाकल्प के लिए भेजेगी प्रस्ताव

सब्जीमण्डी, मानस भवन व बस स्टैण्ड के जीर्णोद्धार के साथ चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण

2 min read
Aug 16, 2023
नगर के इन स्थलों का नगर पालिका करा रही सर्वे, डीपीआर तैयार कर कायाकल्प के लिए भेजेगी प्रस्ताव

शहडोल. नगर के प्रमुख भवनों व स्थलों के साथ ही नगर के सभी चौराहों का नगर पालिका सर्वे करा रही है। सर्वे के बाद इनके कायाकल्प के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजेगी। शासन स्तर से मंजूरी मिलने के साथ ही इनका जीर्णोद्धार कराया जाएगा। शासन स्तर से इनके कायाकल्प के लिए राशि स्वीकृति न होने की स्थिति में नगर पालिका निकाय मद से आवश्यक कार्य कराएगी। इसके लिए आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। नगर पालिका ने सर्वे टीम को जो-जो कार्य कराए जाने हैं उनका सर्वे कर पूरी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है। रिपोर्ट आने के बाद नगर पालिका आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी। सब्जीमण्डी, मानस भवन व बस स्टैण्ड का कायाकल्प कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इनकी स्थिति काफी जर्जर हो गई है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार छतों का प्लास्टर गिरने की वजह से हादसे भी हो चुके हैं।

इन स्थलों का निरीक्षण कर तैयार करेेंगे रिपोर्ट

नगर के बस स्टैण्ड, मानस भवन, नगर पालिका भवन, बस स्टैण्ड, सब्जी मण्डी के साथ ही टैगोर पार्क, वाणगंगा पार्क व नगर के प्रमुख चौराहों का सर्वे किया जा रहा है। इन सभी स्थलों का निरीक्षण कर इनकी स्थिति के संबंध में टीम रिपोर्ट तैयार कर नगर पालिका को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर ही नगर पालिका इनमें कराए जाने वाले आवश्यक कार्यों की डीपीआर तैयार करेगी।

चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण, पार्कों की सुधरेगी स्थिति

भवन के जीर्णोद्धार के साथ नगर के चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसके लिए नगर के प्रमुख चौराहों में और क्या-क्या किया जा सकता है इसकी सूची तैयार की जा रही है। इसके अलावा बाणगंगा पार्क व टैगोर पार्क को भी व्यवस्थित करने की योजना है। पार्कों में जो भी कमियां हैं उन्हें पूरी करने के साथ ही इन्हें आकर्षक बनाने कार्य कराया जाएगा।

जीर्ण-शीर्ण हो गए हैं भवन

नगर के बस स्टैण्ड की स्थिति काफी जर्जर है। हल्की बारिश में पूरे परिसर में पानी भर जाता है। जगह-जगह से छत का प्लास्टर गिर गया है और सरिया दिखने लगी है। बीम तक में बड़ी-बड़ी दरारें हो गई हंै। यही स्थिति सब्जीमण्डी शेड की भी है, यहां भी पूर्व में कई बार प्लास्टर गिरने की वजह से घटनाएं घट चुकी हैं। मानस भवन भी पूरी तरह से जीर्ण-शीर्ण हो चुका है। इन भवनों की जर्जर स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने इनके जीर्णोद्धार का निर्णय लिया है।

इनका कहना है

मानस भवन, बस स्टैण्ड, सब्जीमण्डी का सर्वे कराकर डीपीआर तैयार की जाएगी। शासन स्तर से मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध नहीं होने पर निकाय स्तर पर कार्य कराया जाएगा। चौराहों व पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने की भी कार्ययोजना है।

अभिषेक शिवहरे, एई नगर पालिका शहडोल।

Published on:
16 Aug 2023 12:41 pm
Also Read
View All

अगली खबर