
इस शहर में कोयला लोड वाहनों के प्रवेश का विरोध, जनप्रतिनिधियों ने कहा खराब हो रही सड़क
शहडोल. नगर की सड़कों से कोयला लोड भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है। जिसके चलते सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है साथ ही भारी वाहनों की धमाचौकड़ी से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इन भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाये जाने की मांग को लेकर नपा उपाध्यक्ष कुलदीप निगम के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें कहा गया है कि यदि 8 दिनों के अंदर व्यवस्था में परिवर्तन नहीं किया जाता है तो कांग्रेस पार्षद एवं आमजन गाडियां रोकेंगे एवं कॉलरी के सामने धरना प्रदर्शन करने बाध्य होंगे। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया है कि कॉलरी खुल जाने के बाद से लगातार 16 चका, 20 चका कोयला लोडेड गाडियां रात्रि के समय पुरानी बस्ती वार्ड नं 36-37, अण्डरब्रिज वार्ड नं 10, बसंत नगर, कोतवाली, स्टेडियम होते हुए कलेक्ट्रेट रोड से सैकडों गाडियां निकलती हैं। इन कोयला लोड वाहनों के निकलने की वजह से उडने वाली डस्ट घरों तक प्रवेश करती है। जिस वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं। इन गाडियों के निकलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही भारी वाहनों के आवागमन की वजह से नगर की सडकें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। जिसे देखते हुए इन भारी वाहनों के आवागमन के लिए बाईपास रोड तय किया जाए और इनके आबादी क्षेत्र के अंदर से निकलने में प्रतिबंध लगाया जाए। कांग्रेस पार्षदों ने कहा है कि उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया तो वह उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। नगर वासियों में भी भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर आक्रोश है।
Published on:
16 Jun 2022 09:53 pm
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
